कुल पेज दृश्य

11 दिसंबर 2009

सरकार के गले की हड्डी बनती जा रही है महंगाई

28 नवंबर को समाप्त सप्ताह में खाद्य पदार्थों की महंगाई दर 19.05 प्रतिशत पर पहुंची, इसके पहले सप्ताह में थी 17.47 प्रतिशत
नई दिल्ली December 10, 2009
खाद्य पदार्थों की कीमतों ने 28 नवंबर को समाप्त सप्ताह में खाद्य पदार्थों के महंगाई दर के आंकड़े को 19.05 प्रतिशत पर पहुंचा दिया है। इसके पहले के सप्ताह में खाद्य पदार्थों की महंगाई दर 17.47 प्रतिशत पर थी।
अनाज, आलू, प्याज, दूध और दाल की बेलगाम कीमतों ने नवंबर के चौथे सप्ताह में खाद्य पदार्थों के थोक मूल्य पर आधारित मंहगाई दर को एक वर्ष पूर्व की तुलना में करीब 20 प्रतिशत के दायरे में पहुंचा दिया है। महंगाई दर में इस कदर उछाल के चलते सरकार पर आवश्यक उत्पादों की कीमतों में पर लगाम लगाने के लिए दबाव बढ़ने लगा है।
हालांकि सभी वस्तुओं के थोक मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई दर अक्टूबर महीने में 1.34 फीसदी थी। रिजर्व बैंक 29 जनवरी को मौजूदा मौद्रिक नीति की समीक्षा करेगा। आरबीआई के गवर्नर डी सुब्बाराव ने कहा कि थोक मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई दर का स्तर उपभोक्ता मूल्य के मुकाबले काफी कम है।
महंगाई दर से परेशान कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस सप्ताह कहा था कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी हमारे लिए सबसे अधिक चिंता का विषय है। गुरुवार को जारी आंकड़े के मुताबिक आलू की कीमत एक साल पहले की तुलना में दोगुने से अधिक हो गई है जबकि प्याज 23 प्रतिशत महंगी है।
अन्य आवश्यक वस्तुओं में चावल की कीमत 11.75 प्रतिशत बढ़ी है जबकि गेहूं 12.60 प्रतिशत और दालें 42 प्रतिशत महंगी हुई हैं। इधर फल 13 प्रतिशत महंगा हुआ तो दूध 11.36 प्रतिशत और महंगा हो गया। सोनिया गांधी ने कहा था कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से महंगाई के मामले में बातचीत की है और उन्होंने आश्वस्त किया है कि सरकार इस मामले से निपटने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।
आरबीआई के गवर्नर ने कल कहा था, 'यदि मुद्रास्फीति दबाव लंबे समय तक बरकरार रहता है तो मुद्रास्फीतिक अनुमानों में बढ़ोतरी हो सकती है और मौद्रिक नीतियों इस पर विचार करना करना होगा।' इस सप्ताह के दौरान खाद्य पदार्थों की कीमत में 0.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। मूंग, मसाले और अरहर 3 प्रतिशत महंगे हुए।
मछली और मसूर के दाम 2 प्रतिशत बढे जबकि चने, गेहूं, चावल, चाय, फल एवं सब्जियों की कीमत 1 प्रतिशत बढ़ी। हालांकि मक्का और बाजरे की कीमत में 1 प्रतिशत की गिरावट आई। ईंधन, बिजली और ल्युब्रिकेंट समूह में कीमतें अपरिवर्तित रही। (बीएस हिन्दी)

कोई टिप्पणी नहीं: