कुल पेज दृश्य

09 दिसंबर 2009

फिर शुरू हुआ सोने में तेजी का दौर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भाव ऊंचा खुलने से दिल्ली सराफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमतों में 280 रुपये की तेजी आकर भाव 17,900 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख बेन बर्नानके की टिप्पणी से विश्व बाजार में सोने की तेजी को बल मिला। घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में भी 200 रुपये की तेजी आकर भाव 28,900 रुपये प्रति किलो हो गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों की मुनाफावसूली से पिछले तीन-चार दिनों से सोने की कीमतों में गिरावट आई थी लेकिन निचले स्तरों पर खरीददारी से तेजी को बल मिला। मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम 1165 डॉलर प्रति औंस पर खुले जबकि सात दिसंबर को 1157 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए थे। हालांकि विदेशी बाजार में भाव जरूर ऊंचे खुले लेकिन निवेशकों की मुनाफावसूली से 12 डॉलर की गिरावट आकर 1153 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया। विश्व बाजार में सोने में तेजी अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन बेन बर्नानके के बयान से भी आई। उन्होंने कहा कि अमेरिकी आर्थिक सुधार के चलते डॉलर की मजबूती पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इससे निवेशकों को पैसा लगाने के लिए सोना दुबारा आकर्षक लगने लगा। चांदी के भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को 18.30 डॉलर प्रति औंस पर खुले तथा निवेशकों की मुनाफावसूली जारी रहने से 17.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया। सोने की खरीद में चीन निकल सकता है भारत से आगे रॉयटर्स शंघाई। वल्र्ड गोल्ड काउंसिल ने सितंबर अंत तक की नौ माह की बिक्री रिपोर्ट के आधार पर कहा कि इस साल सोने की खरीद के मामले में भारत को पीछे छोड़कर चीन आगे निकल सकता है। चीन में आर्थिक विकास दर तेज होने के कारण निवेश के लिए सोने की मांग तेजी बढ़ रही है। दूसरी ओर भारत में सोने का आयात इस साल घटकर करीब आधा रह गया। इस साल सूखे के कारण लोगों की सोना खरीदने की क्षमता प्रभावित हुई है। इसके अलावा लगातार महंगे होते सोने से ग्राहक विमुख हो रहे हैं। (बिज़नस भास्कर)

कोई टिप्पणी नहीं: