09 दिसंबर 2009
कमोडिटी एक्सचेंजों का कारोबार 42% बढ़ा
देश के कमोडिटी एक्सचेंजों के टर्नओवर में चालू वित्त वर्ष में नवंबर तक 42.63 फीसदी की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वायदा व्यापार आयोग (एफएमसी) ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि इस दौरान एग्री और अन्य कमोडिटीज का कारोबार बढ़कर 47,29,971 करोड़ रुपये रहा जबकि गत वर्ष अप्रैल से नवंबर के दौरान 33,16,206 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। एग्री कमोडिटीज के कारोबार में इस दौरान करीब 90 फीसदी की बढ़ोतरी रही। हाल ही में शुरू हुए नए कमोडिटी एक्सचेंज आईसीईएक्स के आंकड़े भी अच्छे रहे हैं। अप्रैल-नवंबर के दौरान एग्री कमोडिटीज का कारोबार 7,66,133 करोड़ रुपये रहा, जबकि ऊर्जा आदि अन्य कमोडिटीज में 21,38,796 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इस अवधि में सराफा में टर्नओवर 18,25,041 करोड़ रुपये रहा। नवंबर के आखिरी 15 दिन में देश के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स का कारोबार 3,33,879 करोड़ रुपये रहा है। मालूम हो कि एफएमसी हर 15 दिन में एक्सचेंजों के कारोबार संबंधी रिपोर्ट जारी करता है। एनसीडीईएक्स में इस दौरान कारोबार 58,122 करोड़ रुपये रहा और एनएमसीई में 10,199 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। 27 नवंबर को शुरू होने वाले नए कमोडिटी एक्सचेंज आईसीईएक्स ने शुरू होने के केवल 4 दिन में 2559 करोड़ रुपये का कारोबार किया। क्षेत्रीय एक्सचेंजों में सोया तेल में कारोबार करने वाले इंदौर स्थित नेशनल बोर्ड ऑफ ट्रेड का कारोबार भी 16 से 30 नवंबर तक 2937 करोड़ रुपये रहा है। वहीं, एमसीएक्स में सोने, चांदी और क्रूड ऑयल का कारोबार सबसे ज्यादा रहा है। (बिज़नस भास्कर)
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें