मुंबई December 11, 2009
एल्युमीनियम की कीमतों में आई जोरदार तेजी ने उत्पादक कंपनियों को भी चकित कर दिया है। इस धातु की कीमतें 14 महीने के उच्च स्तर 2188 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गई हैं।
खास बात यह कि कीमतों में यह तेजी ऐसे समय में आ रही है जब इसकी खपत में खास इजाफा नहीं हुआ है। एल्युमीनियम उत्पादन की सरकारी कंपनी नैशनल एल्युमीनियम कंपनी में विपणन के कार्यकारी निदेशक पी के परीदा कहते हैं, 'मैं बेहद हैरान हूं। हमें कीमतों के इतने जल्दी इस स्तर तक ऊपर चढ़ने की उम्मीद नहीं थी। एल्युमीनियम की खपत में अव्वल पश्चिमी देशों में अभी भी मांग पूरे जोर पर नहीं है।'
बैंकों ने मई के दौरान हाजिर बाजार में इस धातु की जमकर खरीदारी की और एक साल के वायदा कारोबार के तहत लंदन मेटल एक्सचेंज (एलएमई) के गोदामों में जमा करा दिया। बाजार के जानकारों के मुताबिक मई 2010 तक के वायदा सौदों के लिए इस एक्सचेंज में 46 लाख टन एल्युमीनियम का स्टॉक जमा है।
कुल मिलाकर देखें तो एल्युमीनियम निवेशकों को हाजिर कीमत पर 150 डॉलर प्रति टन का प्रीमियम मिल रहा है। ऑटोमोबाइल, पैकेजिंग और घरेलू जरूरत में काम आने वाले एल्युमीनियम की कीमतें इस साल आर्थिक हालात में सुधार होने पर जुलाई में 3,271 डॉलर प्रति टन के स्तर तक पहुंच गई थीं।
इससे पहले मंदी के दौर में फरवरी में एल्युमीनियम की कीमतें 62 फीसदी तक गिरकर 1,251 डॉलर प्रति टन के स्तर तक पहुंच गई थीं। लेकिन पिछले बुधवार तक इसकी कीमतें उस स्तर से 75 फीसदी तक बढ़कर 2,188 डॉलर प्रति टन के आंकड़े को छू गईं।
कीमतों में इस कृत्रिम वृद्धि से आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी हिंडाल्को और वेदांत समूह की कंपनी बाल्को, दोनों को भी जबरदस्त तरीके से फायदा हुआ। सबसे बड़ी एल्युमीनियम उत्पादक कंपनी हिंडाल्को ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 824.6 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी के शुद्ध मुनाफे में 41.6 फीसदी की गिरावट आई थी। नाल्को ने भी इस अवधि में 285.9 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया।
कुछ यूं चमका एल्युमीनियम
बैंकों ने हाजिर बाजार में जमकर की एल्युमीनियम खरीदारीएलएमई में मई वायदा के लिए 46 लाख टन स्टॉकमांग से कीमतों में आ रही है तेजी
लंदन मेटल एक्सचेंज में एल्युमीनियम की कीमतें
जुलाई 2008 3,271 फरवरी 2009 1,251 मई 2009 1,466 दिसंबर 2009 2,188 कीमत डॉलर प्रति टन (बीएस हिन्दी)
12 दिसंबर 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें