नई दिल्ली December 09, 2009
सोने की कीमत में पिछले तीन दिनों से गिरावट के रुख के बावजूद सर्राफा बाजार में कोई रौनक नहीं है। दिसंबर के पहले सप्ताह में नवंबर माह के मुकाबले सर्राफा कारोबार में 70 फीसदी की गिरावट है।
सर्राफा कारोबारियों को फिलहाल अपने कारोबार में तेजी की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। ग्राहकी के अभाव में सर्राफा कारोबारी इन दिनों दुकान में टेलीविजन देखकर अपना समय काट रहे हैं। बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 17,400 रुपये प्रति दस ग्राम बताई गई। सोमवार को यह कीमत 17,800 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
2 दिसंबर को सोने की कीमत 18,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर चली गई थी, लेकिन 6 दिसंबर से सोने की कीमत में कमी का सिलसिला जारी है। सर्राफा कारोबारी कहते हैं, 'सोने के भाव 18,200 रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर चले गए थे और उस हिसाब से हाजिर बाजार में 800 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आ चुकी है। लेकिन इससे कारोबार पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। बिक्री पहले की तरह ही सुस्त गति से चल रही है।'
कारोबारी बताते हैं कि सोना अगले 10 दिनों में 17,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से भी नीचे आ जाता है तो भी सोने की बिक्री में तेजी का रुख नहीं आएगा। उनका मानना है कि शादी-ब्याह का मौसम अब समाप्त हो रहा है। और अगले दो महीनों तक कोई शादी नहीं है।
शादी का मौसम होता तो ग्राहक मजबूरी में बढ़ी हुई कीमत पर भी कुछ न कुछ खरीदारी जरूर करते। लेकिन सामान्य रूप से खरीदारी के लिए तो 16,500-17,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत भी ज्यादा है। ऐसे में अगले दो महीनों तक तो ग्राहकी निकलने की कोई उम्मीद नहीं है।
नववर्ष के मौके पर सोने की खरीदारी का भारत में कोई रिवाज नहीं है। कारोबारी बताते हैं, 'इन दिनों वे आराम से 12 बजे दोपहर तक दुकान पर आते हैं और शाम 5 बजे तक दुकान से निकल जाते हैं। काम नहीं होने के कारण इस दौरान भी वे दुकान में बैठकर टेलीविजन देखकर अपना समय काटते है।'
सोने के साथ चांदी के भाव में भी लगातार गिरावट जारी है। दिसंबर के पहले सप्ताह में 29,400 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच चुकी चांदी मंगलवार को 27,700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। लेकिन यह कीमत भी सामान्य ग्राहकों के लिए काफी ज्यादा है। (बीएस हिन्दी)
10 दिसंबर 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें