कुल पेज दृश्य

11 दिसंबर 2009

देश में उत्पादन बढ़ने से चाय निर्यात में सुधार

चालू वर्ष के अक्टूबर में देश से चाय का निर्यात करीब दो फीसदी बढ़कर 1.87 करोड़ किलोग्राम हो गया है। इसमें वृद्घि की वजह अक्टूबर में चाय के उत्पादन में इजाफा होना है। हालांकि पिछली समान अवधि के मुकाबले इसमें गिरावट आई है।भारतीय चाय बोर्ड के अनुसार अक्टूबर में सितंबर के मुकाबले चाय का उत्पादन 32 फीसदी बढ़कर 13.36 करोड़ किलो हो गया। इंडियन टी एसोसिएशन के कमल वाहिदी ने बताया कि उत्पादन बढ़ने के कारण चाय के निर्यात में सुधार हुआ है। सितंबर के दौरान 10.14 करोड़ किलो चाय पैदा हुई थी। इस दौरान करीब 1.84 करोड़ किलो का निर्यात हुआ था। बोर्ड के अनुसार अक्टूबर में दक्षिण भारत से करीब 88 लाख किलो और उत्तर भारत से करीब 99 लाख किलो चाय का निर्यात हुआ हैं। वहीं इस दौरान दक्षिण भारत में करीब 2.14 करोड़ किलो और उत्तर भारत में 11.21 करोड किलो चाय पैदा हुई। पिछली समान अवधि के मुकाबले चाय के निर्यात में गिरावट आई है। पिछले साल अक्टूबर में 2.70 करोड़ किलो चाय का निर्यात हुआ था। यह चालू वर्ष के अक्टूबर के मुकाबले 30 फीसदी अधिक है। चालू सीजन के दौरान मौसम अनुकूल न रहने के कारण देश में चाय का उत्पादन पिछले साल कम हो रहा है। दरअसल चालू सीजन की शुरूआत में बारिश की भारी कमी के चलते चाय की पैदावार में लगातार गिरावट आ रही थी। लेकिन जुलाई से चाय का पीक सीजन शुरू होने के कारण इसका उत्पादन सुधरा है। हालांकि सितंबर में मजदूरों के त्योहारों में व्यस्त होने के कारण इसके उत्पादन में कमी आई थी। उधर उत्पादन घटने के कारण देश से चाय के निर्यात में भी कमी दर्ज की जा रही है। चालू वर्ष (जनवरी-अक्टूबर) के दौरान देश से 14.99 करोड़ किलो चाय का निर्यात हुआ है, पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 17.12 करोड़ किलो पर था। वर्ष 2008 में 98.08 करोड़ किलो चाय का उत्पादन हुआ था। जबकि वर्ष 2007 में यह आंकडा 94.46 करोड़ किलो पर रहा। जानकारों के अनुसार चालू वर्ष में उत्पादन कम रहने के साथ ही घरेलू बाजार में अधिक दाम मिलने से इसका निर्यात कम रहने की संभावना हैं। चालू वर्ष में अक्टूबर तक चाय के औसत नीलामी भाव 112.03 रुपये प्रति किलो रहे। पिछली समान अवधि में यह आंकडा़ 94.08 रुपये प्रति किलो था। (बिज़नस भास्कर)

कोई टिप्पणी नहीं: