11 दिसंबर 2009
टायर उद्योग की मांग बढ़ने से रबर 22 फीसदी महंगी
टायर उद्योग की मांग बढ़ने और उत्पादन कम होने से पिछले एक महीने में रबर की कीमतों में 22 फीसदी की तेजी आ चुकी है। बुधवार को कोट्टायम में नेचुरल रबर आरएसएस-4 के भाव बढ़कर 133 रुपये और आरएसएस-5 के भाव 130 रुपये प्रति किलो हो गए। इस दौरान सिंगापुर कमोडिटी एक्सचेंज (सीकॉम) में नेचुरल रबर की कीमतों में 11.8 फीसदी की तेजी आई है। बुधवार को सीकॉम में भाव बढ़कर 128-129 रुपये प्रति किलो हो गए। चालू वित्त वर्ष में टायर उद्योग की मांग में सात फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है जबकि कुल उत्पादन दस फीसदी घटने का अनुमान है। ऑटोमोटिव टायर मैन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन (एटमा) के महानिदेशक राजीव बुद्धिराजा ने बिजनेस भास्कर को बताया कि वर्ष 2009-10 में टायर उद्योग की मांग में सात फीसदी का इजाफा होने की संभावना है। पिछले साल टायर उद्योग में नेचुरल रबर की खपत कुल उत्पादन की 58 फीसदी हुई थी जोकि चालू वर्ष में बढ़कर 60 फीसदी होने की संभावना है। चालू वित्त वर्ष में देश में नेचुरल रबर का कुल उत्पादन 8.75 लाख टन होने की संभावना है। अक्टूबर से फरवरी तक नेचुरल रबर के उत्पादन का पीक समय है। पिछले दो महीने से उत्पादन बढ़ भी रहा है लेकिन खपत ज्यादा होने और विदेशी बाजार में भाव तेज होने से घरेलू बाजार में नेचुरल रबर की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विदेशी बाजार में भाव तेज होने के कारण आयात पड़ते भी नहीं है। वैसे भी आयात पर 20 फीसदी आयात शुल्क है। टायर उद्योग ने सरकार से शून्य शुल्क पर एक लाख टन नेचुरल रबर आयात करने की मांग की है ताकि घरेलू उत्पादन में कमी की भरपाई की जा सके। भारतीय रबर बोर्ड के मुताबिक चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से नवंबर तक नेचुरल रबर का उत्पादन 6.5 फीसदी घटकर 5.38 लाख टन हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 5.76 लाख टन का हुआ था। इस दौरान इसकी कुल खपत 3.6 फीसदी बढ़कर 6.15 लाख टन की हुई है। हालांकि नवंबर में महीने में नेचुरल रबर का घरेलू उत्पादन बढ़कर 1.3 लाख टन का हुआ है जबकि पिछले साल नवंबर महीने में 95,550 टन का ही उत्पादन हुआ था। रबर मर्चेट एसोसिएशन के सचिव अशोक खुराना ने बताया कि आयात ज्यादा होने और निर्यात कम होने से रबर का कुल स्टॉक पिछले साल से ज्यादा है। इस समय देश में नेचुरल रबर का कुल स्टॉक 2.47 लाख टन का है जोकि पिछले साल 1.75 लाख टन का था। रबर बोर्ड के मुताबिक अप्रैल से नवंबर तक भारत में 1.32 लाख टन नेचुरल रबर का आयात हुआ है जो पिछले साल के 60,026 टन से लगभग दोगुना है। भारत के मुकाबले विदेश में भाव कम होने से आयात बढ़ा था लेकिन अब चूंकि विदेश में भाव तेज है इसलिए आयात सौदे नहीं हो रहे हैं। (बिज़नस भास्कर.....आर अस राणा)
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें