लखनऊ August 10, 2009
उत्तर प्रदेश में अरहर दाल की किल्लत और बढ़ी कीमतों को देखते हुए अब सरकार ने विदेशों से मंगाए जाने का फैसला किया है।
खाद्य और रसद विभाग के प्मुख सचिव जैकब थामस के मुताबिक अरहर की दाल को आम जन तक पहुंचाने के लिए अब इसे विदेशों से मंगाने का फैसला किया गया है। राज्य सरकार ने विदेशों से 6000 टन अरहर की दाल मंगाने का फैसला किया है।
अरहर की दाल को अब राज्य सरकार ने कर्मचारी कल्याण निगम के डिपो से भी बेचने का फैसला किया है। राज्य कल्याण निगम के डिपो पर अरहर दाल खरीदने पर 10 रुपये की छूट मिलेगी। दूसरी ओर अरहर की कीमतों से परेशान जनता को राहत देने के लिए उत्तर प्रदेश के व्यापारी आगे आए हैं।
दाल मिलर्स एसोसिएशन ने राजधानी में सस्ती अरहर की दाल बेचने के लिए सात काउंटर खोले हैं। रविवार से चालू किए गए इन काउंटरों पर दाल लेने के लिए दो दिन से भारी भीड़ उमड़ रही है। अब तक इन काउंटरों से दो दिन में 2300 क्विंटल दाल खरीदी जा चुकी है। इतनी ज्यादा तादाद में लोगों के उमड़ने से दाल काउंटर पर हर दो घंटों में दाल खत्म हो रही है।
व्यापारियों की पहल पर खोले गए इन काउंटरों पर 70 रुपये किलो की दर से दाल बेची जा रही है। । फिलहाल दाल मिलर्स एसोसिएशन राशन कार्ड धारकों को ही दाल बेच रहे है। चार यूनिट से कम के राशन कार्ड रखने वालों को दो किलो दाल दी जा रही है जबकि इससे ज्यादा की यूनिट वाले राशन कार्ड धारकों को तीन किलो दाल दी जा रही है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में इस समय अरहर की दाल कीमतें आसमान छू रही हैं। सूबे में इस समय अरहर की कीमत 87 रुपये प्रति किलो चल रही है। दाल मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कल ही एक बैठक कर उत्तर प्रदेश में सस्ती दाल बेचने का फैसला किया है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी चंद्र कुमार छाबड़ा का कहना है कि जनता को राहत देने के लिए व्यापारी संगठनों ने इस आशय का फैसला किया है। दाल मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य और रसद विभाग के प्रमुख सचिव जैकब थॉमस के साथ हुई बैठक में फैसला लिया गया है कि दाल मिलर्स एसोसिएशन के साथ मिलक र जल्दी ही सभी जिला हेडक्वार्टरों पर दाल की बिक्री के लिए विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। (BS Hindi)
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें