कुल पेज दृश्य

11 अगस्त 2009

रबर के आयात में जोरदार बढ़ोतरी

कोच्चि August 10, 2009
चालू वित्त वर्ष के दौरान प्राकृतिक रबर के आयात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
आयात बढ़कर अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया है। मात्रा के आधार पर देखें तो आयात वर्ष 2008-09 में हुए कुल आयात से ज्यादा शुरुआती 4 महीनों में ही हो चुका है।
उम्मीद की जा रही है कि रबर का आयात इस साल, पिछले साल की तुलना में बढ़कर दोगुने से भी ज्यादा हो जाएगा। वर्ष 2008-09 में रबर का कुल आयात 79,927 टन था, जबकि उसके पहले साल में कुल आयात 86,394 टन रहा था। दिलचस्प है कि इस साल छठे महीने में ही आयात बढ़कर 85,424 टन हो गया है।
चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से जुलाई के दौरान कुल आयात 70,328 टन रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में आयात 23,878 टन था। केवल जुलाई महीने में ही 20,412 टन रबर का आयात किया गया, जबकि पिछले साल जुलाई महीने में कुल 2589 टन रबर का आयात हुआ था।
स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में ज्यादा अंतर होने की वजह से मार्च-जून के दौरान आयात में बढ़ोतरी दर्ज की गई। स्थानीय बाजार में रबर की कीमतें वैश्विक बाजार में कीमतों की तुलना में औसतन 17 रुपये प्रति किलो ज्यादा रहीं।
हालांकि कीमतों में अब अंतर कम हुआ है, लेकिन अभी भी 5-6 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर बना हुआ है। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि रबर के आयात की मात्रा में और बढ़ोतरी होगी। हालांकि सितंबर से दिसंबर महीने के दौरान आयात में कमी आने की उम्मीद की जा रही है, क्योंकि इन्ही महीनों में भारत में रबर की फसल तैयार होती है।
वहीं रबर के निर्यात के मोर्चे पर कठिन संघर्ष करना पड़ रहा है। जुलाई महीने में तो स्थिति इतनी खराब रही कि एक किलो रबर का भी निर्यात नहीं किया जा सका। वहीं जून महीने में केवल 38 टन रबर का निर्यात हुआ। अप्रैल-जुलाई के दौरान कुल निर्यात 878 टन रहा, जबकि पिछले साल 9299 टन रबर का निर्यात किया गया था। (BS Hindi)

कोई टिप्पणी नहीं: