कुल पेज दृश्य

07 अगस्त 2009

त्योहारों ने बढ़ाई सोने के कारोबार की चमक

नई दिल्ली: पिछले 15-20 दिन से चल रहे त्योहारों के माहौल ने दिल्ली में सोने-चांदी के गहनों के कारोबार में फिर से चमक पैदा की है। इस दौरान सर्राफा कारोबार में 20 से 30 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली है। कारोबारियों के मुताबिक, त्योहारों के अलावा सोने की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से बनी हुई स्थिरता ने भी लोगों को आभूषणों की खरीद के लिए प्रोत्साहित किया है। लाजपत नगर मार्केट के रामकृष्णा ज्वैलर्स के प्रवीण चौधरी के मुताबिक, 'रक्षाबंधन के त्योहार के आने के साथ ही लोगों में गहनों की खरीद के लिए जमकर रुझान देखा गया है। सोने की राखियों की भी अच्छी-खासी खरीद देखी गई है। हमारे यहां कारोबार में इस दौरान हर रोज करीब 60-70 ग्राहक आ रहे हैं।
चौधरी कहते हैं, 'आने वाले दिनों में भी उम्मीद है कि खरीदारी का ट्रेंड बना रहेगा।' पिछले 15-20 दिनों से सोने की कीमत 14,500 रुपए प्रति 10 ग्राम से लेकर 15,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बनी हुई है। इस वजह से सर्राफा कारोबारियों को भी अपने यहां स्टॉक करने में आसानी हुई है। चांदनी चौक के दरीबा बाजार के रतनचंद ज्वालानाथ ज्वैलर्स के तरुण गुप्ता के मुताबिक, 'त्योहारों की वजह से मांग में तेजी पैदा हुई है। साथ ही लोग भी सोच रहे हैं कि सोना अब इस स्तर से नीचे नहीं जाएगा। ऐसे में लोगों ने अच्छी खरीदारी की है। हमारे यहां इस दौरान ज्वैलरी की बिक्री में पिछले महीने के मुकाबले करीब 30 फीसदी की तेजी आई है।' पिछले साल के मुकाबले इस साल देश में सोने की खपत में काफी गिरावट आई है। ऊंची चल रही कीमतों के चलते लोगों ने नया सोना खरीदने के बजाय अपने पास मौजूद पुराने सोने को बेचकर पैसा कमाने पर ज्यादा जोर दिया है। अब हालांकि सोने की मांग में बढ़ोतरी के आसार बन रहे हैं। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) के डायरेक्टर धर्मेश सोढ़ा के मुताबिक, 'त्योहारों का सीजन सर्राफा कारोबारियों के लिए अच्छा रहा है। आने वाले दिनों में दीवाली और शादियों का सीजन भी शुरू होने वाला है। इस वजह से यह ट्रेंड जारी रहने की उम्मीद है।' कूचा महाजनी के बुलियन मर्चेंट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट श्रीकिशन गोयल के मुताबिक, 'पिछले साल के मुकाबले हालांकि मांग अभी भी कम ही दिख रही है। लेकिन दीवाली और शादियों के शुरू होने से इसमें तेजी आ सकती है।' (ET Hindi)

कोई टिप्पणी नहीं: