07 अगस्त 2009
विदेशी तेजी और औद्योगिक मांग से चांदी 450 रुपये तेज
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी आने और औद्योगिक मांग बढ़ने से गुरुवार को दिल्ली सराफा बाजार में चांदी की कीमतों में 450 रुपये की तेजी आकर भाव 23,200 रुपये प्रति किलो हो गए। इस दौरान सोने की कीमतों में 100 रुपये की तेजी आकर भाव 15,100 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शील चंद जैन ने बताया कि चांदी में औद्योगिक मांग पहले की तुलना में बढ़ी है। जबकि विदेशी बाजारों में भी चांदी की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को चांदी के दाम 14.60 डॉलर प्रति औंस पर खुले तथा निवेशकों की खरीद बढ़ने से 14.91 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखे गए। 13 जुलाई से गुरुवार तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतों में 2.41 डॉलर प्रति औंस की तेजी आ चुकी है। 13 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसके दाम 12.50 डॉलर प्रति औंस थे। आर्थिक हालात में सुधार के संकेत और प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की कीमतों में गिरावट से भी बहुमूल्य धातुओं की तेजी को बल मिला है। हालांकि मुंबई बुलियन एसोसिएशन के अनुसार जुलाई महीने में चांदी का आयात मात्र 35 टन का ही हुआ है।हाजिर बाजार में आई तेजी का असर वायदा बाजार पर भी देखा गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में चांदी मार्च वायदा अनुबंध में 1.11 फीसदी की तेजी आकर भाव 23,900 रुपये प्रति किलो हो गए।ॅ दिल्ली सराफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में भी 100 रुपये की तेजी आकर भाव 15,100 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। गोयल ज्वैलर्स के प्रोपराइटर वी. के. गोयल ने बताया कि घरेलू बाजार में मौजूदा भावों में सोने की मांग काफी कमजोर चल रही है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का असर घरेलू कीमतों पर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में पांच डॉलर की तेजी आकर 967 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया। पांच अगस्त को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 962 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था। पहली जुलाई से अभी तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में लगभग 57 डॉलर की तेजी आ चुकी है। 1 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव 910 डॉलर प्रति औंस थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में मजबूती का असर वायदा बाजार में भी इसकी कीमतों पर पड़ा है। (Business Bhaskar....R S Ran)
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें