कुल पेज दृश्य

10 अगस्त 2009

दस फीसदी तक बढ़ सकते हैं दूध के दाम

दलहन और चीनी की महंगाई से परेशान उपभोक्ताओं को अब दूध के भी ज्यादा दाम चुकाने पड़ेंगे। महाराष्ट्र में दूध दो रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है जबकि दिल्ली में दूध की सबसे ज्यादा सप्लाई करने वाली मदर डेरी ने टोकन वाले टोंड, डबल टोंड (पॉलीपैक) और स्किम्ड मिल्क (पॉलीपैक) की कीमतों में एक रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है। इस तरह महाराष्ट्र में दूध के दाम करीब नौ फीसदी और दिल्ली में पांच फीसदी से कुछ ज्यादा बढ़ गए हैं। अन्य कंपनियां भी आगामी दिनों में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं। देश के अधिकांश हिस्से में मानसून की भारी कमी के चलते पशुओं के हरे चारे की पैदावार में कमी आई है जिससे दूध की उत्पादन लागत बढ़ी है। इसे देखते हुए उपभोक्ताओं को आने वाले समय में दूध के लिए 10 फीसदी ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है।अमूल के चीफ जरनल मैनेजर आर.एस. सोढ़ी ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले दूध की खरीद कीमत में एक से दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस समय किसानों को दूध के दाम 21-22 रुपये प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मदर डेरी ने दाम बढ़ा दिये हैं इसलिए अन्य कंपनियां भी दाम बढ़ा सकती हैं। दिल्ली में प्रति दिन 45 से 50 लाख लीटर दूध की खपत होती है। इसमें मदर डेरी की हिस्सेदारी 50 फीसदी से ज्यादा है।पराग मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रीतम शाह ने बताया कि महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश की कमी से पशुओं के चारे की समस्या पैदा हो गई है। इसीलिए वहां की सरकार ने दूध की कीमतों में दो प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। राज्य में महानंदा डेरी ने दाम बढ़ाकर 24 रुपये, अमूल डेरी ने 28 रुपये प्रति लीटर कर दिये हैं। पारस डेरी के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले साल उत्तर प्रदेश में इन दिनों दूध की कीमतें 15-16 रुपये प्रति लीटर थीं। जबकि इस समय दूध के दाम बढ़कर 22 से 23 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गये हैं। (Business Bhaskar....R S Rana)

कोई टिप्पणी नहीं: