07 अगस्त 2009
जुलाई में भारत का ऑयल मील निर्यात 63 प्रतिशत घटा
जुलाई महीने में देश से खली के निर्यात में 63 फीसदी की कमी आई है। साल्वेंट एक्सटेक्ट्रस एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीईए) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में 173,329 टन खली का ही निर्यात हुआ है जबकि पिछले साल जुलाई महीने में 474,590 टन का निर्यात हुआ था। निर्यात में गिरावट का प्रमुख कारण अंतरराष्ट्रीय मांग में कमी और तिलहनों की पिराई कम होना है। सीईए के मुताबिक चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में देश से खली के निर्यात में लगभग 59 फीसदी की कमी आई है। अप्रैल से जुलाई के दौरान देश से खली का निर्यात घटकर 787,857 टन का ही हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 1,908,396 टन खली का निर्यात हुआ था।साई सिमरन फूड लिमिटेड के डायरेक्टर नरेश गोयनका ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मांग में कमी के कारण भारत से खली निर्यात में कमी देखी जा रही है। हालांकि इस दौरान चीन की मांग में जरूर चार फीसदी का इजाफा हुआ है। लेकिन अन्य आयातक देशों वियतनाम, दक्षिण कोरिया, जापान और इंडोनेशिया की मांग में भारी गिरावट बनी हुई है। चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में चीन में खली का 130,962 टन से बढ़कर 137,252 टन का निर्यात हुआ है। जबकि वियतनाम में इस दौरान 511,401 टन के मुकाबले 238,232 टन खली का निर्यात ही हुआ है। जुलाई के मुकाबले चालू महीने में सोयाबीन खली की कीमतों में इजाफा हुआ है। सोया खली के दाम भारतीय बंदरगाह पर पहुंच 430 डॉलर प्रति टन हो गए हैं जबकि 9 जुलाई को इसके दाम 415 डॉलर प्रति टन थे। हालांकि जून के मुकाबले अभी भी दाम कम है। 9 जून को इसके भाव 460 डॉलर प्रति टन थे। सोयामील का निर्यात 76 फीसदी गिरा : सोपानई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष में भारत से सोयाखली के निर्यात में 76 फीसदी की भारी गिरावट आई है। सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में सोयाखली का निर्यात घटकर 3,31,923 टन का हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसका निर्यात 13,83,303 टन का हुआ था। जुलाई महीने में देश से मात्र 58,040 टन का ही निर्यात हुआ है जबकि पिछले साल जुलाई महीने में 2,84,990 टन का निर्यात हुआ था। चालू तेल वर्ष में अक्टूबर से जुलाई के दौरान निर्यात में 36.77 फीसदी की कमी आकर कुल निर्यात 29.13 लाख टन का निर्यात हुआ है। पिछले साल की समान अवधि में देश से 46.07 लाख टन का निर्यात हुआ था। (Business Bhaskar)
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें