कुल पेज दृश्य

11 अगस्त 2009

पोल्ट्री फीड के भावों में हो सकती है वृद्धि

सोयाबीन, मक्का और बाजरा में तेजी के कारण अगले कुछ दिनों में पोल्ट्री फीड की कीमतों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। कारोबारियों के मुताबिक आगे पोल्ट्री फीड की मांग में इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। बाजार में इन दिनों पोल्ट्री फीड के दाम 19-19.5 रुपये प्रति किलो चल रहे है। राजा फेट एंड फीड प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मोहित राजा ने बिजनेस भास्कर को बताया कि सोयाबीन, मक्का और बाजरा के मूल्यों में तेजी के कारण पोल्ट्री फीड की कीमतों में आगे एक से दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो सकती है। इंदौर के सोयाबीन कारोबारी कुनाल शाह ने बताया कि देश में बारिश की कमी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी के चलते घरेलू बाजार में सोयाबीन के भाव 2200-2250 रुपये से बढ़कर 2350-2400 रुपये प्रति क्विंटल हो गए है।उनके मुताबिक आगे भी इसकी कीमतों में तेजी बरकरार रह सकती है। मक्का की कीमतें 950-960 रुपये बढ़कर 1060-1070 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। दिल्ली के मक्का कारोबारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि बारिश में कमी के कारण मक्के का उत्पादन घटने की आशंका है। यही वजह है कि इसकी कीमतों में तेजी आई है। उनके अनुसार मक्के की नई फसल आने में अभी समय है। ऐसे में आगे मक्का के मूल्यों में और तेजी आ सकती है। वहीं बाजरा के दाम पिछले दो सप्ताह के दौरान 850-870 रुपये से बढ़कर 925-950 रुपये प्रति क्विंटल हो चुके हैं। कारोबारियों के मुताबिक इसकी वजह खरीफ सीजन में बाजरा की बुवाई में कमी आना है। कारोबारियों के अनुसार पोल्ट्री फीड के भाव में तेजी की दूसरी वजह आगे फीड की मांग बढ़ने की संभावना को माना जा रहा है। दीपक पोल्ट्री फॉर्म रोहतक हरियाणा के मालिक संदीप सिंह का कहना है कि सावन का महीना गुजरने के बाद पोल्ट्री उत्पादों की मांग बढ़ने से इनके उत्पादन में इजाफा होगा। ऐसे में फीड की मांग अधिक रहने की संभावना है। दरअसल सावन के महीने में पोल्ट्री उत्पाद जैसे अंडे, चिकन की खपत कम रहती है। (Business Bhaskar)

कोई टिप्पणी नहीं: