कुल पेज दृश्य

10 अगस्त 2009

मवेशियों के दाम पर असर

नई दिल्ली/भोपाल। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्से में मानसून की बेरुखी का असर मवेशियों की कीमतों पर भी पड़ रहा है। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में इनकी कीमतों में 4,000 से 6,000 रुपये की कमी आई है। इसके विपरीत मध्य प्रदेश में दूध की कमी ने भैसों के दाम दो से लेकर आठ हजार रुपये तक बढ़ा दिए हैं। हरियाणा के पशु व्यापारी जोगिंद्र लांबा ने बताया कि मानसून की कमी से पशुचारे की कमी बनी हुई है जिससे गाय और भैंसों की खरीद पहले की तुलना में घट गई है। उन्होंने बताया कि जो भैंस पहले 30 से 35 हजार रुपये की थी उसके दाम घटकर 26 से 30 हजार रुपये रह गये हैं। इसी तरह से संकर नस्ल की गाय के दाम भी घटकर 20 से 25 हजार रुपये रह गये हैं।पंजाब के सरहिंद के त्रिलोक सिंह का कहना कि दूसरी ब्यात के गाय-भैंसों की कीमतें तो लगभग स्थिर बनी हुई है, लेकिन इससे कम और ज्यादा उम्र वाली गाय-भैंसों की कीमतों में 4,000 से 6,000 रुपये की गिरावट आई है। संकर नस्ल की डब्बी गाय के दामों में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। पशु चिकित्सक डॉ.एस.एस. सेखों के मुताबिक उमस भरे मौसम पर संकर नस्ल की गायों में गर्भपात के मामले बढ़ जाते हैं और इनके रख-रखाव पर खर्च भी ज्यादा हो जाता है। इसलिए किसानों की पसंद देसी नस्ल की गाय और भैंसें बनी हुई हैं लेकिन चारे की किल्लत के कारण किसान नए पशु खरीदने से बच रह हैं।उत्तरी राज्यों के विपरीत मध्य प्रदेश में दूध की कमी से भैसों के दाम बढ़ गए हैं। यहां ज्यादातर भैसों की खरीदारी यूपी और हरियाणा से होती है। इस समय रोजाना 16 लीटर दूध देने वाली भैंस 32 से 36 हजार रुपये में बिक रही है। वहीं दस लीटर दूध देने वाली भैंस का दाम 22 से 25 हजार रुपये चल रहा है। भोपाल के रातीबड़ स्थित किसान राधेश्याम ने कहा कि बीते वर्ष 10 लीटर वाली भैंस 19 हजार हजार रुपये में खरीदी थी, लेकिन इस बार भाव 22 हजार रुपये है। ग्वालियर में डेयरी चलाने वाले रणवीर सिंह ने कहा कि बीते वर्ष की तुलना में इस बार दाम करीब छह हजार रुपये बढ़े हैं। रणवीर ने10 लीटर दूध देनेवाली भैंस इस बार 22 हजार रुपये तक में और 16 लीटर वाली भैंस 32 से 36 हजार रुपये में खरीदी है। वहीं इंदौर में डेयरी चलाने वाले भरत यादव ने तो भैंसों के दाम बढ़ने के कारण डेयरी का धंधा ही बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले 11 लीटर प्रतिदिन वाली भैंस 16 हजार रुपये में बिकती थी, इस बार यह 25 से 30 हजार रुपये में मिल रही है। (Business Bhaskar)

कोई टिप्पणी नहीं: