कुल पेज दृश्य

10 अगस्त 2009

राजस्थान में दूध संग्रहण की कीमत 10 फीसदी बढ़ी

मानसून कमजोर रहने तथा पशुआहार की कीमतों में बढ़ोतरी से राजस्थान में दूध की कीमतों में दो महीने के दौरान 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो गई है। इसमें अभी और बढ़ोतरी की संभावना भी व्यक्त की जा रही है।जयपुर डेयरी के प्रबंध निदेशक जे.आर. ढाका ने बताया कि मानसून कमजोर रहने के कारण मांग बढ़ने से दूधियों ने दाम बढ़ा दिए हैं। इस वजह से पिछले दो महीने में दूध संग्रहण की कीमत में दो बार करीब दस फीसदी अर्थात औसतन 2.40 रुपये लीटर की बढ़ोतरी की जा चुकी है। अभी जयपुर डेयरी को औसत 19.20 रुपये लीटर के भाव दूध मिल रहा है, जबकि डेयरी ने एक ही बार विक्रय मूल्य में बढ़ोतरी की है। इस समय जयपुर डेयरी 19 से 25 रुपये लीटर के भाव पर दूध की बिक्री कर रही है। उन्होंने बताया कि हालांकि इन दो महीनों में दूध संग्रहण में कमी नहीं आई है। जयपुर डेयरी के संग्रहण केंद्रों पर पिछले दो महीनों से लगभग साढ़े पांच लाख लीटर दूध का संग्रह किया जा रहा है, जबकि जयपुर में सरस दूध की मांग छह लाख लीटर प्रति दिन है। जयपुर डेयरी की ओर से दूध की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के बार में उन्होंने कहा कि यह मामला संवेदनशील है। इसलिए अभी कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा।दूसरी तरफ जयुपर डेयरी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि जयपुर को छोड़कर दूसर जिलों में दूध संग्रहण में कमी आई है। वहीं लगातार गर्मी की वजह से दूध की मांग बढ़ी है। दूधिये बाजार में महंगे भावों पर दूध बेच रहे हैं। इस वजह से संग्रहण केंद्रों पर आवक घट गई है। (Business Bhaskar)

कोई टिप्पणी नहीं: