धनतेरस पर सोने की खरीद को शुभ माना जाता है, लेकिन भाव तेज होने के कारण सोने के गहनों की खरीदारी ग्राहकों की जेब पर भारी पड़ने वाली है। हालांकि, रुपये के मुकाबले डॉलर के कमजोर होने से ग्राहक थोड़ा सुकून महसूस कर सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुधवार को सोने ने 1047 डॉलर प्रति औंस का नया रिकॉर्ड स्तर छुआ। दिल्ली सराफा बाजार में भी सोने का भाव 190 रुपये की तेजी के साथ 16,090 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।
दिल्ली स्थित गोयल ज्वैलर्स के प्रोपराइटर विमल कुमार गोयल ने बताया कि भारत में दीपावली और धनतेरस पर सोने के गहनों की खरीद को शुभ माना जाता है। आगामी दिनों में ब्याह-शादियों का सीजन भी शुरू हो जाएगा। हालांकि, भाव ऊंचे होने के कारण इस समय केवल जरूरतमंद ग्राहक ही गहनों की खरीद कर रहे हैं।
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शील चंद जैन ने बताया कि रुपये, यूरो और येन के मुकाबले डॉलर के गिरकर चालू वर्ष के निचले स्तर पर आ जाने के कारण ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने ने 1047 डॉलर प्रति औंस का नया रिकॉर्ड छुआ। हालांकि, ऊंचे भाव पर निवेशकों की मुनाफावसूली से बाद में 1041 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार होते देखा गया। बेशकीमती धातुओं में सोना हमेशा निवेश का बेहतर विकल्प रहा है इसलिए इसकी तेजी को बल मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इससे पहले मार्च 2008 में सोने ने 1034 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड बनाया था। उस समय भी डॉलर के कमजोर होने और क्रूड ऑयल के दाम बढ़ने से सोने में तेजी आई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले नौ दिनों में सोने के भाव में 50 डॉलर प्रति औंस से भी ज्यादा की तेजी आ चुकी है। दिल्ली सराफा बाजार में भी इस दौरान सोने में 340 रुपये प्रति दस ग्राम की तेजी आई है। बुधवार को दिल्ली में सोने के भाव बढ़कर 16,090 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी में भी तेजी का रुख बना हुआ है। बुधवार को चांदी के भाव बढ़कर 17।35 डॉलर प्रति औंस हो गए, जबकि 5 अक्टूबर को इसके भाव 16.62 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए थे। बुधवार को दिल्ली सराफा बाजार में भी चांदी 500 रुपये की जोरदार तेजी के साथ 27,050 रुपये प्रति किलो पर जा पहुंची। (बिज़नस भास्कर....आर अस राणा)
08 अक्टूबर 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें