12 नवंबर 2009
डॉलर रसातल में तो सोना देश विदेश में शीर्ष पर पहुंचा
सोने ने बुधवार को फिर नया रिकॉर्ड बनाया। सोने के दाम विश्व बाजार में जहां 1,120 डॉलर प्रति औंस के शीर्ष पर पहुंच गया जबकि घरेलू बाजार में इस कीमती धातु ने 17 हजार प्रति दस ग्राम का आंकड़ा चूम लिया। यूरो के मुकाबले डॉलर गिरते-गिरते 15 माह के निचले स्तर पर पहुंच गया है। डॉलर गिरने से निवेशकों की नजर में सोने का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि विश्व बाजार में सोने के दाम थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। विश्व बाजार के साथ कदमताल कर रहे घरेलू बाजार में सोने के दाम 17,050 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की कमजोरी की वजह से सोने की कीमत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले सप्ताह अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा भारत के केंद्रीय बैंक भारतीय रिजर्व बैंक को 200 टन सोना बेचने के बाद इसकी कीमतों में तेजी का नया दौर शुरू हो गया है। लंदन के हाजिर बाजार में सोने के दाम बढ़ते-बढ़ते पहले 1,117 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचे। बाद में समाचार लिखे जाने तक भाव 1,120 डॉलर प्रति औंस का स्तर छू गए। इससे पहले न्यूयार्क मर्केटाइल एक्सचेंज (नायमैक्स) के कमोडिटी डिवीजन कॉमेक्स में सोना दिसंबर डिलीवरी के दाम 13।30 डॉलर बढ़कर 1,115.80 डॉलर प्रति औंस हो गए। विदेशी बाजार में तेजी का घरेलू बाजार में असर तुरंत दिखाई दिया। न्यूयॉर्क के फ्यूचर मार्केट में तेजी का संकेत पाकर यहां भी सोने के भाव बढ़ने लगे। दिल्ली में सोने के भाव 170 रुपये बढ़कर 17,050 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शील चंद जैन ने बताया कि घरेलू बाजार में मौजूदा तेजी विश्व बाजार के कारण ही आ रही है। दिल्ली के सराफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में 170 रुपये प्रति दस ग्राम का इजाफा हुआ। हाजिर में आई तेजी के कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में बुधवार को दिसंबर वायदा अनुबंध 0.58 फीसदी बढ़कर 16,730 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ। उनके मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई तेजी के कारण घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में वृद्धि हुई है। दरअसल भारत में सोने के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार की तेजी-मंदी पर निर्भर करते हैं। इसके अलावा शादी-ब्याह का सीजन होने के कारण घरेलू बाजार में सोने के गहनों की मांग अच्छी बनी हुई है। इसके चलते भी कीमतों में तेजी को बल मिला हैं।सोने की तर्ज पर ही चांदी के मूल्य बढ़ते नजर आए। घरेलू बाजार में चांदी के दाम 200 रुपये बढ़कर 27,500 रुपये प्रति किलो हो गए। लंदन के हाजिर बाजार में चांदी 17.63 डॉलर प्रति औंस हो गई। एक दिन पहले इसके दाम 17.32 डॉलर प्रति औंस थे। कारोबारियों का कहना है कि चांदी के मूल्य बढ़ने की एक अन्य वजह औद्योगिक मांग बढ़ना भी रहा। (बिज़नस भास्कर)
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें