पुणे November 11, 2009
महाराष्ट्र और गुजरात में पिछले 3 दिन से जारी भारी और मूसलाधार बारिश से अंगूर, अनार, अल्फांसो आम और काजू की खेती को काफी नुकसान हुआ है।
आशंका जताई जा रही है कि इस वजह से इनका निर्यात घट सकता है। इतना ही नहीं पश्चिम महाराष्ट्र, कोंकण, उत्तरी महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में चावल, गन्ना और कपास की फसल को भी इस बारिश ने काफी चोट पहुंचाई है। पिछले साल अकेले महाराष्ट्र से 38 हजार टन अंगूर और 37 हजार टन अनार का निर्यात हुआ था।
राज्य कृषि आयोग के एक अधिकारी ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया कि सांगली, शोलापुर, सतारा, पुणे और नासिक जिले में हुई भारी बारिश से निर्यात लायक अनारों के उत्पादन में जबरदस्त कमी का अनुमान है।
सूत्रों ने बताया, 'केवल सांगली, शोलापुर और नासिक जिले में अनार की पैदावार में लगभग 50 फीसदी की कमी हो जाएगी। भारी बारिश ने अनार की तैयार फसल को बुरी तरह बर्बाद कर दिया है।' महाराष्ट्र में निर्यात लायक अंगूर को 45 हजार हेक्टेयर में उपजाया जाता है। अनार की फसल करीब 1 लाख हेक्टेयर में होने का अनुमान है।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'बारिश ने महाराष्ट्र और दक्षिणी गुजरात के बड़े इलाके की फसलों को प्रभावित किया है। इस बारिश का असर इन फसलों के उत्पादन पर जरूर दिखेगा।' पुणे कृषि महाविद्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, अन्य फसलों मसलन अल्फांसो आम, काजू और कपास की फसल को भी इस बारिश से काफी नुकसान पहुंचेगा।
एक अधिकारी ने बताया, 'चावल और काजू की फसल कोकण और गुजरात के तटीय इलाकों में प्रभावित हुई है। वहीं महाराष्ट्र के उत्तरी इलाके में कपास की फसल को चोट पहुंची है। आशंका है कि आगामी सत्र में इस चलते अल्फांसो आम की पैदावार भी घट सकती है।'
पिछले साल अकेले महाराष्ट्र में 3 करोड़ क्विंटल से ज्यादा कपास का उत्पादन हुआ था। इस साल पहले से ही 25 लाख क्विंटल कम कपास पैदा होने का अनुमान था। बारिश की वजह से इसमें और कमी हो जाएगी। मिलों में गन्ने की पेराई भी इस बारिश के चलते मद्धम पड़ने की आशंका है।
इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार को भविष्यवाणी की है कि अरब सागर में बने चक्रवातीय दबाव के चलते दक्षिणी गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के आसपास के इलाकों में गुरुवार की सुबह भारी बारिश होगी। इस दबाव के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसके दक्षिणी गुजरात और थाणे जिले से होते हुए आगे बढ़ जाने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग, पुणे के उपनिदेशक ए। बी। मजूमदार ने बिानेस स्टैंडर्ड को बताया, 'अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र में जोरदार बारिश का अनुमान है। इसके कमजोर होने के कोई संकेत नहीं है।' मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक, कोंकण क्षेत्र, गोवा, केंद्रीय महाराष्ट्र और दक्षिणी गुजरात में गुरुवार को भारी या बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। (बीएस हिन्दी)
12 नवंबर 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें