कुल पेज दृश्य

19 अगस्त 2020

देशभर में मानसूनी बारिश सामान्य से 5 फीसदी ज्यादा, उत्तर में 48 घंटों में जारी रहेगी वर्षा

आर एस राणा
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार चालू मानसूनी सीजन पहली जून से 19 अगस्त तक देशभर में सामान्य से 5 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। इस दौरान सामान्यत: 620.2 मिलीमीटर बारिश होती है ले​किन चालू सीजन में अभी तक 648.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। पूर्वोत्तर के साथ ही मध्य भारत और दक्षिण भारत में बारिश अभी तक सामान्य से ज्यादा हुई है, लेकिन उत्तर भारत के राज्यों में सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि पिछले दो दिनों से उत्तर भारत में अच्छी बारिश हो रही है जोकि अगले 48 घंटे जारी रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। इसके पास ही एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है। मानसून की अक्षीय रेखा इस समय गंगानगर, हिसार, आगरा, वाराणसी, रांची और दिघा होते हुए बंगाल की खादी पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र तक बनी हुई है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती सिस्टम गुजरात पर दिखाई दे रहा है।
स्काईमेट के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में कल शाम से ही वर्षा हो रही है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फ़रीदाबाद और गाज़ियाबाद में आज सुबह से मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई। इन भागों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी अगले 48 घंटों तक सक्रिय रहेगा मानसून।
अगले 24 घंटों के दौरान कहां-कहां बारिश होने का अनुमान
अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, उत्तरी तेलंगाना, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा और गुजरात के कुछ भागों में भारी बारिश की संभावना है। कोंकण गोवा, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, बिहार, पूर्वोत्तर भारत और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों में किन राज्यों में हुई ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तरी तटीय ओडिशा, कोंकण गोवा और उत्तराखंड तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। तटीय कर्नाटक, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, शेष मध्य प्रदेश, गुजरात के पूर्वी क्षेत्रों, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश के बाकी भागों, पूर्वोत्तर भारत, झारखंड और जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की और कहीं-कहीं मध्यम वर्षा हुई। बिहार, आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक महाराष्ट्र में हल्की बारिश दर्ज की गई।........  आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: