कुल पेज दृश्य

26 अगस्त 2020

उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में बारिश का अनुमान

आर एस राणा
नई दिल्ली। स्काईमेट के अनुसार गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तरी तटीय ओडिशा और इससे सटे भागों पर बना हुआ है। इसके पास बना चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र की ऊंचाई इस समय लगभग साढ़े 7 किलोमीटर है। दक्षिणी राजस्थान और इससे सटे भागों पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब आगे बढ़ते हुए दक्षिणी पाकिस्तान पर पहुँच गया है। मानसून की अक्षीय रेखा इस समय बीकानेर से हिसार, बरेली, गोरखपुर, पटना और धनबाद होते हुए ओडिशा पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र तक पहुँच रही है। दक्षिण भारत में रायलसीमा से दक्षिणी तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। 

आगामी 24 घंटों के दौरान देश में कहाँ सक्रिय होगा मानसून 

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। विदर्भ, तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, गुजरात, कोंकण गोवा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 

पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मानसून का प्रदर्शन 

बीते 24 घंटों के दौरान ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड पर मॉनसून उग्र। कई जगहों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। दक्षिणी राजस्थान पर बीते 24 घंटों तक मानसून का सक्रिय रूप दिखा और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हुई। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, बिहार के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान के बाकी भागों, गुजरात में भी हल्की से मध्यम बारिश कुछ स्थानों पर दर्ज की गई। पश्चिमी तटों पर कोंकण गोवा से लेकर तटीय कर्नाटक तक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ हिस्सों पर मॉनसून वर्षा हुई है। आंतरिक कर्नाटक, विदर्भ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। .............. आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: