कुल पेज दृश्य

27 अगस्त 2020

कई राज्यों में बाढ़ का खतरा, उत्तर भारत में बारिश के आसार

आर एस राणा
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में नदियां उफान पर है, जिससे कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बनने खरीफ फसलों को भी नुकसान की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्व मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश के उपखंड के कुछ क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक से आने वाली बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का पूर्वानुमान है।
राजधानी दिल्ली में बीते तीन दिन से उमस से परेशान लोगों को बृहस्पतिवार को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार और शुक्रवार को अच्छी-खासी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश तो कुछ इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस कारण से तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से उत्तर भारत के इलाकों हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पंजाब व दिल्ली में तेज बारिश की संभावना जताई है। दो दिन बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट आयेगी।
स्काईमेट के अनुसार गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र इस समय ओडिशा और इससे सटे झारखंड के ऊपर पहुँच गया है। यह सिस्टम अगले 3-4 दिनों के दौरान पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश पर पहुंचेगा। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे पंजाब व हरियाणा के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर से दक्षिण एक ट्रफ आंध्र प्रदेश के रायलसीमा से तामिलनाडु के ऊपर तक पहले की तरह प्रभावी है। पूर्वोत्तर भारत में दक्षिणी असम के ऊपर हवाओं में एक चक्रवाती क्षेत्र दिखाई दे रहा है।
आगामी 24 घंटों के दौरान देश में कहाँ सक्रिय होगा मानसून
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिमी ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश पर मानसून का व्यापक प्रदर्शन दिखेगा। इन भागों में मध्यम से भारी बारिश कई जगहों पर जारी रहेगी। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज मानसूनी वर्षा जारी रहने के आसार हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, कोंकण गोवा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ एक-दो जगहों पर मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। पूर्वी राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और कोंकण गोवा में बारिश की गतिविधियां कल से बढ़ सकती हैं।
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मानसून का प्रदर्शन
बीते 24 घंटों के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मॉनसून व्यापक रूप में सक्रिय रहा और इन भागों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तामिलनाडु, तेलंगाना के कुछ भागों, तटीय कर्नाटक, गुजरात और आंतरिक महाराष्ट्र में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम मानसून बौछारें देखने को मिलीं। पूर्वी राजस्थान, केरल और आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। देश के बाकी हिस्सों पर मानसून कमजोर रहा और मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा। ............. आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: