कुल पेज दृश्य

03 अक्तूबर 2020

ओडिशा, पश्चिम बंगाल एवं आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में कई जगह बारिश का अनुमान

आर एस राणा
नई दिल्ली। अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में चल रही उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण वातावरण में नमी कम हुई है। इन स्थितियों के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश के कुछ और भागों तथा राजस्थान के अधिकांश इलाकों के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश से विदा हो सकता है।
बंगाल की खाड़ी पर निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी उत्तरी आंध्र प्रदेश और इससे सटे ओडिशा के तटों के पास बना हुआ है। इसके साथ ही एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी विकसित हुआ है जिसकी समुद्र तल से ऊंचाई लगभग 5.8 किलोमीटर है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा तमिलनाडु के तटीय भागों तक बनी हुई है। पूर्वोत्तर भारत में असम और इसके आसपास के भागों पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। यह इस समय उत्तरी अफगानिस्तान और इससे सटे उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर पहुंचा है। हालांकि यह सिस्टम भी बहुत सक्रिय नहीं है।
अगले 24 घंटों के दौरान कहां-कहां बारिश का अनुमान
अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के कुछ भागों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इन भागों में एक-दो जगहों पर तेज़ वर्षा का भी अनुमान है। कोंकण गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में हल्की वर्षा के बीच एक-दो स्थानों पर मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के पहाड़ों और मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल
पिछले 24 घंटों के दौरान ओडिशा के कई तटीय इलाकों के अलावा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के भागों में मॉनसून सक्रिय रहा और इन भागों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, आंतरिक ओडिशा, झारखंड और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के बीच एक-दो स्थानों पर तेज़ वर्षा हुई। मध्य भारत के बाकी हिस्सों समेत देश के शेष भागों में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क बना रहा।.................... आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: