कुल पेज दृश्य

25 जून 2020

मानसून ने उत्तर भारत के कई राज्यों में दी दस्तक, अगले दो दिनों में तेज बारिश का अनुमान

आर एस राणा
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून उत्तर भारत के राज्यों राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब में पहुंच गया है तथा अगले दो दिनों तक इन राज्यों में तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में आज मानसून की पहली बारिश हुई। दक्षिण-पश्चिम मानसून दो दिन पहले ही पहुंच गया है। मौसम विभाग ने इस साल की शुरुआत में मानसून के 27 जून को दिल्ली पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया था। 2019 में मानसून 29 जून को राजधानी में आया था।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून ने पश्चिम राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा के पूर्वी हिस्सों के साथ दिल्ली, समूचे उत्तर प्रदेश, पंजाब के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है। इसके बाद अगले कुछ दिन तक ठीक-ठाक बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते मौसम विभाग की ओर से अगले 2 दिन तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का पूर्वानुमान है।
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और इससे सटे भागों पर बना हुआ है एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और इससे सटे भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से बिहार तक एक ट्रफ पहले की तरह बनी हुई है। पाकिस्तान के मध्य भागों पर हवाओं में एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और इससे सटे भागों पर विकसित हो गया है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों पर भी एक सर्कुलेशन बना हुआ है। साथ ही एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कर्नाटक के तटों के पास बना हुआ है। अरब सागर के पश्चिमी-मध्य भागों पर भी एक सर्कुलेशन दिखाई दे रहा है। दक्षिणी गुजरात और इससे सटे भागों पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
उत्तराखंड, हरियाणा, गुजरात और मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों में बारिश होने का अनुमान
अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने या तेज़ बौछारें पड़ने की संभावना है। झारखंड, रायलसीमा, दक्षिणी-तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, पंजाब और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ के शेष भागों, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और कोंकण गोवा में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड, हरियाणा के कुछ हिस्सों, दक्षिणी गुजरात और मध्य प्रदेश के पश्चिमी भागों में हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं मध्यम वर्षा हो सकती है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा में हुई तेज बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और लक्षद्वीप में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। तमिलनाडु, केरल, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिण-पूर्व राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिली। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ भागों, उत्तरी पंजाब, पूर्वी राजस्थान के बाकी भागों, बिहार, शेष पूर्वोत्तर भारत और दक्षिणी ओडिशा में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। गुजरात, दक्षिणी कोंकण गोवा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह पर कुछ भागों में हल्की बारिश हुई।.............  आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: