नई दिल्ली। अगस्त 2026 में चीनी की उपलब्धता और कीमतों को लेकर चिंता के बीच वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) ने कहा है कि, चीनी मिलों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
संगठन ने केंद्र और राज्य सरकारों के निर्देशों का पालन करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है। विस्मा ने एक सार्वजनिक हित में जारी बयान में कहा कि, वह वर्ष 2013 से महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा की सार्वजनिक एवं निजी चीनी मिलों का प्रतिनिधित्व कर रहा है। आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और चीनी (नियंत्रण) आदेश, 2025 के तहत प्रत्येक चीनी मिल को बिक्री के लिए हर महीने एक निर्धारित मात्रा जारी करने का कोटा दिया जाता है।
बयान के अनुसार, महाराष्ट्र के लिए चीनी का मासिक स्टॉक रिलीज कोटा जून 2026 में 7,78,206 टन, जुलाई में 7,18,170 टन और अगस्त में 7,75,003 टन रहा। इसी अवधि में पूरे देश के लिए यह कोटा क्रमशः 22.50 लाख टन, 22 लाख टन और 22.50 लाख टन निर्धारित किया गया था। विस्मा के अनुसार, उसके सदस्य चीनी मिलें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित चीनी बिक्री संबंधी आदेशों का पालन कर रही हैं। मांग के आधार पर बाजार में चीनी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जरूर हो रहा है, लेकिन मिलों के पास पर्याप्त चीनी स्टॉक उपलब्ध है। संगठन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले सभी निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
विस्मा ने बताया कि, 2026-27 का नया चीनी सीजन अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाला है। महाराष्ट्र सरकार की मंत्रिमंडल समिति के फैसले के अनुसार, सदस्य चीनी मिलें गन्ने की पेराई शुरू करेंगी। इसके बाद नए सीजन की पर्याप्त मात्रा में चीनी बाजार में उपलब्ध होगी। विस्मा ने कहा कि वह गन्ना उत्पादक किसानों, सदस्य चीनी मिलों और खुदरा उपभोक्ताओं के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन के अनुसार, केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत चीनी मिलें हर साल गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) किसानों को समय पर चुकाती हैं।
विस्मा ने कहा कि, वह आम लोगों को उचित और किफायती कीमतों पर चीनी उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। मौजूदा मांग और आपूर्ति की स्थिति को देखते हुए विस्मा की सदस्य चीनी मिलों ने केंद्र और महाराष्ट्र सरकार के निर्देशों का पालन करने तथा बाजार में पर्याप्त चीनी आपूर्ति सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
21 अगस्त 2026
चीनी मिलों के पास पर्याप्त स्टॉक, केंद्र के निर्देश का पालन करने को प्रतिबद्ध - विस्मा
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें