कुल पेज दृश्य

22 अगस्त 2026

चालू खरीफ सीजन में फसलों की कुल बुआई 1,056 लाख हेक्टेयर के पार

नई दिल्ली। देश में खरीफ फसलों की बुवाई अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। पिछले डेढ़ महीने में मानसूनी बारिश से बुआई का अंतर पहले की तुलना में काफी कम हुआ है, लेकिन कुल खरीफ बुवाई क्षेत्र अभी भी पिछले साल के मुकाबले 1.50 फीसदी है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार देशभर में 21 अगस्त तक खरीफ फसलों की बुवाई 1,056.70 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1,072.77 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। इस तरह कुल खरीफ बुवाई क्षेत्र पिछले वर्ष की तुलना में 16.07 लाख हेक्टेयर कम है।

चालू खरीफ में दलहन की बुआई में बढ़ोतरी हुई है, जबकि तिलहनी फसलों की बुआई पिछले साल के लगभग बराबर है। खरीफ की प्रमुख फसल धान की रोपाई 21 अगस्त तक 405.10 लाख हेक्टेयर में ही हुई, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 418.29 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

चालू खरीफ सीजन में दलहन का बुआई बढ़कर 113.63 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 112.14 लाख हेक्टेयर में हुई थी। इस दौरान उड़द की बुआई पिछले साल की तुलना में 12.22 फीसदी, अरहर की बुवाई 0.97 फीसदी बढ़ी है। हालांकि मूंग की बुआई 3.67 फीसदी घटी है।

मोटे अनाज की बुआई 176.36 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जो पिछले साल के 179.81 लाख हेक्टेयर से 1.92 फीसदी कम है। मक्का की बुवाई 4.06 फीसदी बढ़कर 89.51 लाख हेक्टेयर ही हुई है, जबकि पिछले साल यह 93.30 लाख हेक्टेयर हो चुकी थी। रागी की बुआई में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसका रकबा 27.14 फीसदी घटकर 4.81 लाख हेक्टेयर का रह गया, जबकि पिछले साल यह 6.60 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। ज्वार और बाजरा की अधिक बुवाई ने कुछ हद तक इस गिरावट की भरपाई की। ज्वार की बुआई 6.41 फीसदी और बाजरा की बुआई 2.13 फीसदी बढ़ी है।

तिलहन की बुवाई पिछले साल के लगभग समान स्तर पर रही। 21 अगस्त तक तिलहन का कुल क्षेत्र 188.37 लाख हेक्टेयर था, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 188.69 लाख हेक्टेयर था। यानी इसमें 0.17 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सूरजमुखी की बुवाई में 80.98 फीसदी और नाइजर सीड में 48.94 फीसदी की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, कुल तिलहन क्षेत्र में इन दोनों फसलों की हिस्सेदारी अपेक्षाकृत कम है। सोयाबीन की बुआई 1.15 फीसदी कम हुई है, जबकि कैस्टर सीड की बुआई में 20.80 फीसदी की बड़ी गिरावट आई।

गन्ने की बुआई चालू खरीफ में 58.44 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 58.87 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। अत: गन्ने के क्षेत्र में 0.72 फीसदी की मामूली गिरावट दर्ज की गई। कपास की बुवाई भी थोड़ी कम रही। इसकी बुआई 108.45 लाख हेक्टेयर में हुई, जबकि पिछले साल के 108.73 लाख हेक्टेयर से थोड़ी कम है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 21 अगस्त 2026 के बीच देश में बारिश औसत से 13 फीसदी कम हुई। 

कोई टिप्पणी नहीं: