कुल पेज दृश्य

19 अगस्त 2026

जुलाई में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 7 फीसदी घटा - एसईए

नई दिल्ली। जुलाई 2026 में खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 7 फीसदी घटकर 1,525,434 टन का ही हुआ है, जबकि पिछले साल जुलाई में इनका आयात 1,647,554 टन का हुआ था। जुलाई 2026 के दौरान खाद्य तेलों का आयात 1,481,485 टन का एवं अखाद्य तेलों का आयात 43,949 टन का हुआ है।


सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के अनुसार जुलाई में खाद्य एवं अखाद्य तेलों के आयात में गिरावट के बावजूद, चालू तेल वर्ष 2025-26 के पहले 9 महीनों नवंबर-25 एवं जुलाई-26 के दौरान कुल आयात में पिछले तेल वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान कुल खाद्य एवं अखाद्य तेलों का आयात 12,150,511 टन का हुआ, जबकि नवंबर 2024 से जुलाई 2025 के दौरान 11,602,917 टन का आयात हुआ था, जो कि 5 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान खाद्य तेलों के आयात में बढ़ोतरी देखी गई, जो पिछले तेल वर्ष के इसी समय के 11,345,915 टन से बढ़कर 11,923,425 टन का हो गया।

एसईए के अनुसार 25 नवंबर से 26 जुलाई के दौरान केवल 434,164 टन रिफाइंड पाम तेल का आयात हुआ, जबकि 24 नवंबर से 25 जुलाई के दौरान 1,571,827 टन रिफाइंड पाम तेल का आयात हुआ था। 24 नवंबर से 25 जुलाई के दौरान 9,774,088 टन क्रूड तेल का ही आयात हुआ था, जबकि 25 नवंबर से 26 जुलाई के दौरान इसका आयात 11,489,261 टन का हुआ था। रिफाइंड तेल का रेश्यो तेजी से घटकर 14 फीसदी से 4 फीसदी रह गया, जबकि क्रूड पाम तेल के आयात में बढ़ोतरी की वजह से क्रूड तेल का रेश्यो एक साल पहले के 86 फीसदी से बढ़कर 96 फीसदी हो गया।

नवंबर 25 से जुलाई 26 के दौरान, पाम तेल का आयात इसके पिछले तेल वर्ष की समान अवधि के नवंबर 24 से जुलाई 25 के दौरान हुए आयात 5,152,960 टन से बढ़कर 5,745,863 टन का हो गया। अत: क्रूड पाम तेल के आयात में बढ़ोतरी की वजह से इसका हिस्सा 45 फीसदी से बढ़कर 48 फीसदी का हो गया है, जबकि सॉफ्ट तेल का आयात इस दौरान 6,192,955 टन से बढ़कर 6,177,562 टन का हो गया, जबकि इसकी हिस्सेदारी 55 फीसदी से घटकर 52 फीसदी की रह गई।

नेपाल से रिफाइंड तेल के आयात में बढ़ोतरी जारी रही। नवंबर 2025 से मई 2026 के दौरान, नेपाल ने भारत को लगभग 393,222 टन रिफाइंड तेलों का निर्यात किया, जिसमें 346,112 टन रिफाइंड सोया तेल, 22,361 टन रिफाइंड सूरजमुखी तेल और 21,213 टन आरबीडी पामोलिन और 3,536 टन रेपसीड तेल शामिल था।

जून 2026 में भारत में नेपाल का रिफाइंड तेल आयात लगभग 56,000 टन और जुलाई 2026 में 61,000 टन होने का अनुमान है, जिसमें मुख्य रूप से रिफाइंड सोया तेल, साथ ही थोड़ी मात्रा में सूरजमुखी तेल और आरबीडी पामोलिन शामिल हैं। नेपाल, भारत को साफ्टा एग्रीमेंट के तहत शून्य शुल्क पर खाद्य तेलों का निर्यात करता है।

कोई टिप्पणी नहीं: