कुल पेज दृश्य

08 अगस्त 2026

गुजरात में खरीफ की लगभग 80 फीसदी बुआई पूरी, कपास की ज्यादा - कृषि निदेशालय

नई दिल्ली। गुजरात में चालू खरीफ सीजन में फसलों की 79.10 फीसदी बुआई पूरी हो चुकी है हालांकि यह पिछले साल की तुलना में पीछे चल रही है। राज्य में 3 अगस्त तक केवल 67,47,788 हेक्टेयर में ही बुआई हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 70,47,097 हेक्टेयर में हो चुकी थी।


भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार पहली जून से 3 अगस्त तक गुजरात रीजन में सामान्य की तुलना में 41 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। हालांकि इस दौरान सौराष्ट्र तथा कच्छ में सामान्य के मुकाबले 6 फीसदी कम बारिश हुई है।

राज्य के कृषि निदेशालय के अनुसार 3 अगस्त तक कपास की बुआई बढ़कर 20,87,325 हेक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक केवल 20,35,778 हेक्टेयर में बुआई हुई थी, जबकि आमतौर पर राज्य में कपास की बुआई 23,83,232 हेक्टेयर में होती है। अत: सामान्य के हिसाब से कुल बुआई अभी तक कुल 87.58 फीसदी में हो चुकी है।

चालू खरीफ सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई घटकर 24,12,351 हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई 25,75,271 हेक्टेयर में हो चुकी थी। खरीफ तिलहन की प्रमुख फसल मूंगफली की बुआई चालू खरीफ सीजन में घटकर 19,77,756 हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 20,41,914 हेक्टेयर में इसकी बुआई हो चुकी थी। इस दौरान सोयाबीन की बुआई 2,94,073 हेक्टेयर में एवं शीशम की 10,926 हेक्टेयर के अलावा कैस्टर सीड की 1,209,523 हेक्टेयर में ही हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 2,65,632 हेक्टेयर में, 37,523 हेक्टेयर में तथा 2,30,002 हेक्टेयर में हो चुकी थी।

चालू खरीफ सीजन में दालों की बुआई बढ़कर 3,22,740 हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई केवल 2,96,970 हेक्टेयर में ही हुई थी। अरहर की बुआई राज्य में अभी तक बढ़कर 2,15,823 हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल इस समय तक 1,83,910 हेक्टेयर में इसकी बुआई हुई थी। उड़द की बुआई राज्य में बढ़कर 70,074 हेक्टेयर में तथा मूंग की 20,166 हेक्टेयर में ही हुई है। पिछले साल इस समय तक इनकी बुआई क्रमश: 58,931 हेक्टेयर एवं 44,190 हेक्टेयर में हो चुकी थी।

धान के साथ ही मोटे अनाजों की बुआई घटकर 10,64,790 हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 11,47,101 हेक्टेयर में ही बुआई हो चुकी थी। धान की रोपाई 6,46,178 हेक्टेयर में तथा मक्का की बुआई 2,63,722 हेक्टेयर के अलावा बाजरा की 1,37,167 हेक्टेयर में ही हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 7,17,329 हेक्टेयर में, 2,64,982 हेक्टेयर में तथा 1,53,639 हेक्टेयर में हो चुकी थी। ज्वार की बुआई राज्य में 11,425 हेक्टेयर में हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं: