कुल पेज दृश्य

19 अगस्त 2026

यूपी में चीनी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर, एक्स-फैक्ट्री भाव 5,400 रुपये प्रति क्विंटल के पार

लखनऊ। भारत में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी जारी है और कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। उत्तर प्रदेश में एम-ग्रेड चीनी का एक्स-फैक्ट्री भाव 18 अगस्त को 5,400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। इसके ऊपर 5 फीसदी जीएसटी अलग से लागू है।

घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं। कम उत्पादन के साथ-साथ चीनी के निर्यात और गन्ने से मिलने वाले कच्चे माल को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़े जाने के कारण मौजूदा चीनी सीजन के अंत में क्लोजिंग स्टॉक कई वर्षों के निचले स्तर पर पहुंचने की संभावना है। आपूर्ति में कमी का असर अब घरेलू बाजार की कीमतों में साफ दिखाई दे रहा है।

स्पॉट मार्केट में भी चीनी की कीमतों में तेजी आई है। दिल्ली में चीनी का भाव करीब 5,775 रुपये प्रति क्विंटल और मुजफ्फरनगर में करीब 5,754 रुपये प्रति क्विंटल बताया जा रहा है। एक्स-फैक्ट्री कीमतों में बढ़ोतरी का असर थोक बाजार पर भी पड़ा है। दिल्ली में थोक चीनी का भाव करीब 5,800 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। थोक बाजार में बढ़ी कीमतों का असर आने वाले दिनों में खुदरा बाजार पर भी पड़ सकता है। कुछ बाजारों में चीनी के खुदरा भाव पहले ही 58-60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।

त्योहारी सीजन के दौरान यदि कीमतों में और बढ़ोतरी होती है तो इससे सरकार की खाद्य महंगाई को लेकर चिंता बढ़ सकती है।हालांकि, बाजार में दिखाई दे रही कीमतों और सरकार के आधिकारिक खुदरा मूल्य आंकड़ों में अंतर है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के मूल्य निगरानी प्रभाग के अनुसार चीनी का औसत दैनिक खुदरा मूल्य 51.68 रुपये प्रति किलो है।

कोई टिप्पणी नहीं: