नई दिल्ली। सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सोपा के अनुसार चालू खरीफ सीजन में सोयाबीन की बुआई 117.13 लाख हेक्टेयर में हुई है। हालांकि कृषि मंत्रालय के अनुसार 31 जुलाई तक देशभर के राज्यों में सोयाबीन की बुआई 117.68 लाख हेक्टेयर में हुई है।
सोपा के अनुसार जून महीने में बोई गई सोयाबीन की फसल अब ज्यादातर क्षेत्रों में फूल आने की स्टेज पर पहुँच गई है तथा कुल मिलाकर, अधिकांश क्षेत्रों में फसल की हालत नॉर्मल से अच्छी है।
देशभर के ज्यादातर सोयाबीन उगाने वाले इलाकों में सोयाबीन की फसल में अच्छी वेजिटेटिव ग्रोथ देखी जा रही है। डोरा/कोल्पा हर्बिसाइड के इस्तेमाल से वीड मैनेजमेंट असरदार रहा है, जिससे अधिकांश खेत वीड-फ्री हो गए हैं। फील्ड इंस्पेक्शन के दौरान कहीं भी कीड़े या बीमारी के लक्षण की रिपोर्ट नहीं मिली है।
व्यापारियों के अनुसार सोयाबीन की फसल के लिए प्रमुख उत्पादक राज्यों में अगस्त एवं सितंबर महीने में मानसूनी बारिश कैसी होती है, इस पर भी उत्पादन अनुमान निर्भर करेगा।
सोपा के अनुसार चालू खरीफ सीजन में मध्य प्रदेश में सोयाबीन की बुआई 52.08 लाख हेक्टेयर में तथा महाराष्ट्र में इसकी बुआई 46.99 लाख हेक्टेयर में तथा राजस्थान में 9.17 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। अन्य राज्यों तेलंगाना में सोयाबीन की बुआई 1.42 लाख हेक्टेयर में तथा कर्नाटक में 3.89 लाख हेक्टेयर तथा गुजरात में 2.479 लाख हेक्टेयर के अलावा छत्तीसगढ़ में 0.20 लाख हेक्टेयर तथा अन्य राज्यों में 1.12 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें