कुल पेज दृश्य

08 अगस्त 2026

राजस्थान में खरीफ फसलों की बुआई तय लक्ष्य की 80 फीसदी पूरी- कृषि निदेशालय

नई दिल्ली। चालू खरीफ सीजन में राजस्थान में खरीफ फसलों की बुवाई तय लक्ष्य के 80 फीसदी क्षेत्रफल में पूरी हो चुकी है। इस दौरान राज्य में मूंगफली की बुआई में तो बढ़ोतरी हुई है लेकिन कपास एवं बाजरा तथा ग्वार सीड सहित अन्य फसलों की बुआई पीछे चल रही है।


भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार पूर्वी राजस्थान में पहली जून से 29 जुलाई तक सामान्य की तुलना में 10 फीसदी कम और पश्चिमी राजस्थान में इस दौरान सामान्य के मुकाबले 20 फीसदी बारिश कम हुई है।

राज्य के कृषि निदेशालय के अनुसार 29 जुलाई तक राज्य में खरीफ फसलों की बुआई 131.82 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 143.61 लाख हेक्टेयर की तुलना में कम है। चालू खरीफ सीजन में राज्य में 165.39 लाख हेक्टेयर में फसलों की बुआई का लक्ष्य तय किया है।

मूंगफली की बुआई राज्य में बढ़कर 10.70 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 9.58 लाख हेक्टेयर की तुलना में ज्यादा है।

चालू खरीफ में कपास की बुआई राज्य में 29 जुलाई तक 5.33 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुआई 6.28 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। ग्वार सीड की बुआई चालू खरीफ में राज्य में घटकर 15.17 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 21.83 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

चालू खरीफ सीजन में मोटे अनाजों की बुआई घटकर 53.84 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई 56.12 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। मोटे अनाजों में बाजरा की बुआई 35.44 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जोकि पिछले साल इस समय तक 39.09 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी। राज्य में मक्का की बुआई 9.51 लाख हेक्टेयर में और ज्वार की बुआई 5.91 लाख हेक्टेयर में तथा धान की रोपाई केवल 2.96 लाख हेक्टेयर में ही हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 8.88 लाख हेक्टेयर में, 4.98 लाख हेक्टेयर में और 3.16 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

दलहनी फसलों की बुआई चालू खरीफ सीजन में घटकर 32.32 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 34.87 लाख हेक्टेयर की तुलना में कम है। खरीफ दलहन में मूंग की बुआई 21.10 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 22.57 लाख हेक्टेयर की तुलना में बढ़ी है। राज्य में मोठ की बुआई 6.86 लाख हेक्टेयर में तथा उड़द की 3.75 लाख हेक्टेयर में तथा छौला की 55 हजार हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 8.58 लाख हेक्टेयर में, 3.11 लाख हेक्टेयर में और 57 हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी।

चालू खरीफ सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई राज्य में घटकर 21.67 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 20.98 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हो चुकी थी। तिलहनी फसलों में मूंगफली की बुआई 10.70 लाख हेक्टेयर में तथा सोयाबीन की 9.17 लाख हेक्टेयर में तथा शीशम की बुआई 1.41 लाख हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 9.58 लाख हेक्टेयर में, 9.70 लाख हेक्टेयर में और 1.43 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

कोई टिप्पणी नहीं: