नई दिल्ली। चालू खरीफ सीजन में राजस्थान में खरीफ फसलों की बुवाई तय लक्ष्य के 92 फीसदी क्षेत्रफल में पूरी हो चुकी है। इस दौरान राज्य में मोटे अनाजों की बुआई में बढ़ोतरी हुई है, जबकि दलहन एवं तिलहनी फसलों की बुआई घटी है।
भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी के अनुसार पूर्वी राजस्थान में पहली जून से 16 अगस्त तक सामान्य की तुलना में 12 फीसदी कम और पश्चिमी राजस्थान में इस दौरान सामान्य से 15 फीसदी बारिश कम हुई है।
राज्य के कृषि निदेशालय के अनुसार 17 अगस्त तक राज्य में खरीफ फसलों की बुआई 152.69 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 158.01 लाख हेक्टेयर की तुलना में कम है। चालू खरीफ सीजन में राज्य में 165.39 लाख हेक्टेयर में फसलों की बुआई का लक्ष्य तय किया है।
चालू खरीफ सीजन में मोटे अनाजों की बुआई बढ़कर 60.32 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई केवल 56.42 लाख हेक्टेयर में ही हुई थी। मोटे अनाजों में बाजरा की बुआई 40.50 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है जोकि पिछले साल इस समय तक 39.09 लाख हेक्टेयर में बुआई से ज्यादा है। राज्य में मक्का की बुआई 9.76 लाख हेक्टेयर में और ज्वार की बुआई 6.61 लाख हेक्टेयर में तथा धान की रोपाई केवल 3.43 लाख हेक्टेयर में ही हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 8.88 लाख हेक्टेयर में, 4.98 लाख हेक्टेयर में और 3.47 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
दलहनी फसलों की बुआई चालू खरीफ सीजन में घटकर 36.85 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 39.63 लाख हेक्टेयर की तुलना में कम है। खरीफ दलहन में मूंग की बुआई 23.16 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 26.57 लाख हेक्टेयर की तुलना में घटी है। राज्य में मोठ की बुआई 9.11 लाख हेक्टेयर में तथा उड़द की 3.98 लाख हेक्टेयर में तथा छौला की 55 हजार हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 8.59 लाख हेक्टेयर में, 3.79 लाख हेक्टेयर में और 66 हजार हेक्टेयर में हो चुकी थी।
चालू खरीफ सीजन में तिलहनी फसलों की बुआई राज्य में घटकर 23.86 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 26.85 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी। तिलहनी फसलों में मूंगफली की बुआई 11.18 लाख हेक्टेयर में तथा सोयाबीन की 9.31 लाख हेक्टेयर में तथा शीशम की बुआई 1.89 लाख हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुआई क्रमश: 12.86 लाख हेक्टेयर में, 9.89 लाख हेक्टेयर में और 1.44 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
चालू खरीफ में कपास की बुआई राज्य में 17 अगस्त तक 5.34 लाख हेक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुआई 6.44 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी। ग्वार सीड की बुआई चालू खरीफ में राज्य में घटकर 22.22 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 24.82 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।
कैस्टर सीड की बुआई चालू खरीफ में राज्य में घटकर 1.47 लाख हेक्टेयर में ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 2.66 लाख हेक्टेयर में हो चुकी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें