नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों अप्रैल से मई के दौरान देश से डीओसी के निर्यात में 5 फीसदी की गिरावट आकर कुल निर्यात 739,467 टन का ही हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इनका निर्यात 781,189 टन का हुआ था।
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, एसईए के अनुसार मई में देश से डीओसी के निर्यात में 19 फीसदी की बढ़ोतरी होकर कुल निर्यात 373,907 टन का हुआ है, जबकि पिछले साल मई में इसका निर्यात केवल 315,326 टन का ही हुआ था।
एसईए के अनुसार मई 2026 में देश से डीओसी के निर्यात में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 19 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अत: मई में हुई इस बढ़ोतरी ने चालू वित्त वर्ष की धीमी शुरुआत को कम करने में मदद की, क्योंकि अप्रैल 2026 में रेड सी शिपिंग में रुकावटों और परिवहन लागत ज्यादा होने की वजह से डीओसी की शिपमेंट में 21.5 फीसदी की गिरावट आई थी।
चीन द्वारा सरसों डीओसी के आयात में बढ़ोतरी ने दूसरे उत्पादों में भारी कमी को कम करने में जरूर मदद की। भारतीय सोया डीओसी और सरसों डीओसी को साउथ अमेरिका (अर्जेंटीना और ब्राजील) और यूरोपियन सप्लायर से कम कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि चीन और साउथ कोरिया जैसे खास मार्केट में मांग बढ़ी है। घरेलू मार्केट में सोया डीओसी की कमी को डीडीजीएस की सप्लाई बढ़ाकर कुछ हद तक पूरा किया गया है। सोया डीओसी की बढ़ती कीमतें, विश्व बाजार में प्रतिस्पर्धा का सामना कर रही हैं।
कृषि मंत्रालय के अनुसार 14 अगस्त, 2026 तक सोयाबीन की बुआई का क्षेत्रफल पिछले साल के 123 लाख हेक्टेयर के मुकाबले थोड़ा कम होकर 121 लाख हेक्टेयर का ही हुआ है, जबकि मूंगफली की बुआई का रकबा पिछले साल इसी समय के मुकाबले थोड़ा बढ़कर 48.03 लाख हेक्टेयर (47.01 लाख हेक्टेयर की तुलना में) हो गया है। पैदावार और उत्पादन आने वाले महीनों में मौसम के हालात पर निर्भर करेगा।
एसईए के अनुसार चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से मई के दौरान, चीन ने 276,147 टन डीओसी (117,388 टन की पिछले साल की तुलना में) आयात किया है, जिसमें 273,533 टन सरसों डीओसी, 1,616, टन कैस्टर डीओसी और 998 टन सोया डीओसी शामिल है। बांग्लादेश ने भारत से रेपसीड डीओसी और सोया डीओसी का 102,100 टन का (पिछले साल के 102,642 टन की तुलना में) आयात किया है। वियतनाम ने 80,231 टन डीओसी का आयात किया, जिसमें 29,435 टन सरसों डीओसी, 47,811 टन राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन और 2,855 टन सोया डीओसी शामिल है।
भारतीय बंदरगाह पर जून की तुलना में जुलाई में सोया डीओसी का भाव कमजोर होकर 617 डॉलर प्रति टन रह गए, जबकि जून में इसका दाम 621 डॉलर प्रति टन था। इस दौरान सरसों डीओसी का मूल्य जुलाई में भारतीय बंदरगाह पर 253 डॉलर प्रति टन पर स्थिर रहा, क्योंकि जून में भी इसका भाव 253 डॉलर प्रति टन ही था। इस दौरान कैस्टर डीओसी का दाम जून के 94 डॉलर प्रति टन से तेज होकर जुलाई में 108 डॉलर प्रति टन हो गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें