कुल पेज दृश्य

08 अगस्त 2026

सीसीआई ने कॉटन की बिक्री कीमतों में बढ़ोतरी की, गुजरात एवं उत्तर भारत के दाम तेज

नई दिल्ली। कॉटन कारपोरेशन ऑफ इंडिया, सीसीआई ने गुरुवार को कॉटन की बिक्री कीमतों में 300 रुपये प्रति कैंडी की बढ़ोतरी की, जिससे गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में इसके दाम तेज हुए।


सीसीआई ने 6 अगस्त, बुधवार को कॉटन के बिक्री भाव 300 रुपये प्रति कैंडी तक बढ़ाए। हालांकि सिरसा, श्रीगंगानगर और भीलवाड़ा में बिक्री भाव स्थिर रखे थे। इस दौरान निगम ने 21,500 गांठ कॉटन की बिक्री की, जिसमें से स्पिनिंग मिलों ने 7,000 गांठ और ट्रेडर्स ने 13,800 गांठ कॉटन की खरीद की। चालू सप्ताह के आरंभ में भी सीसीआई ने इसकी बिक्री कीमतों में 200 रुपये प्रति कैंडी की बढ़ोतरी की थी।

प्रमुख उत्पादक राज्यों में कपास की कीमत स्थिर से तेज हुई। जानकारों के अनुसार उत्पादक मंडियों में कपास की आवक सीमित मात्रा में ही हो रही है।

घरेलू बाजार में सीसीआई द्वारा कॉटन की बिक्री कीमतों में बढ़ोतरी से गुजरात के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में कॉटन के दाम तेज हुए। उधर प्राइवेट जिनिंग मिलों के पास अच्छी क्वालिटी की कॉटन का बकाया स्टॉक कम है। अत: अच्छी क्वालिटी कपास की खरीद के लिए मिलों को सीसीआई एवं एमएनसी कंपनियों से करनी पड़ रही है।

हालांकि केंद्र सरकार ने घरेलू टेक्सटाइल उद्योग के लिए कच्चे माल की उपलब्धता को बेहतर बनाने के लिए 1 जून, 2026 से आगामी पांच महीनों के लिए कॉटन आयात पर से सभी कस्टम ड्यूटी समाप्त की हुई है, जिस कारण इसके आयात में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। घरेलू बाजार में  सीसीआई के पास अभी बकाया स्टॉक अभी भी अच्छी मात्रा में बचा हुआ है। इसलिए हाजिर बाजार में कॉटन की कीमतों में तेजी, मंदी सीसीआई के बिक्री दाम पर भी निर्भर करेगी।

घरेलू बाजार में प्राइवेट जिनर्स के पास कॉटन का बकाया स्टॉक कम है, जिस कारण इनकी बिकवाली कम आ रही है।

गुजरात के अहमदाबाद में 29 शंकर-6 किस्म की कॉटन के भाव 50 रुपये तेज होकर 67,200 से 67,300 रुपये प्रति कैंडी, एक कैंडी-356 किलो हो गए।

पंजाब में रुई हाजिर डिलीवरी के भाव बढ़कर 6,650 से 6,800 रुपये प्रति मन बोले गए। हरियाणा में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के भाव बढ़कर 6,475 से 6,500 रुपये प्रति मन बोले गए। ऊपरी राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के दाम तेज होकर 6,500 से 6,800 रुपये प्रति मन बोले गए। लोअर राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के दाम 62,000 से 63,000 रुपये कैंडी बोले गए।

कोई टिप्पणी नहीं: