कुल पेज दृश्य

13 मई 2019

उद्योग ने कपास उत्पादन अनुमान में एक बार फिर की 6 लाख गांठ की कटौती

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू फसल सीजन में उद्योग पहली अक्टूबर 2018 से अभी तक पांच बार कपास उत्पादन अनुमान में कटौती कर चुका है। ताजा अनुमान के अनुसार चालू फसल सीजन 2018-19 में कपास का उत्पादन घटकर 315 लाख गांठ (एक गांठ-170 किलोग्राम) ही होने का अनुमान है। पिछले साल देश में 365 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था।
कॉटन एसोसिएशन आफ इंडिया (सीएआई) के अध्यक्ष अतुल एस. गणात्रा के अनुसार प्रमुख कपास उत्पादक राज्यों महाराष्ट्र में पहले के उत्पादन अनुमान में दो लाख गांठ की कमी आने की आशंका है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में भी पहले का उत्पादन अनुमान घटने की आशंका है। पानी की कमी के कारण कई राज्यों में कपास की तीसरी और चौथी पिकिंग नहीं हो पाई थी।
उद्योग 33 लाख गांठ घटा चुका है उत्पादन अनुमान
सीएआई ने कपास सीजन के आरंभ में अक्टूबर 2018 में 348 लाख गांठ कपास के उत्पादन का अनुमान जारी किया था, उसके बाद से अभी इसमें पांच बार में 33 लाख गांठ की कटौती की जा चुकी है। उद्योग के नए अनुमान के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में 74.20 लाख गांठ कपास का उत्पादन ही होने का अनुमान है पिछले साल महाराष्ट्र में 83 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था। इसके अलावा तेलंगाना में 38 लाख गांठ, आंध्रप्रदेश में 14 और मध्य प्रदेश में 23.25 लाख गांठ कपास के उत्पादन का अनुमान है। पिछले साल इन राज्यों में क्रमश: 51.30, 18.50 और 21.50 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था। 
निर्यात घटने और आयात बढ़ने की उम्मीद
पहली अक्टूबर 2018 से शुरू हुए चालू सीजन में 30 अप्रैल तक उत्पादक मंडियों में 278.73 लाख गांठ कपास की आवक हो चुकी है। चालू सीजन में उत्पादन में कमी आने का असर निर्यात पर भी पड़ेगा। चालू सीजन में निर्यात घटकर 46 लाख गांठ ही होने का अनुमान है जबकि पिछले साल 69 लाख गांठ कपास का निर्यात हुआ था। उद्योग के अनुसार चालू सीजन में कपास का कुल आयात बढ़कर 31 लाख गांठ होने का अनुमान है जबकि पिछले साल 15 लाख गांठ का ही आयात हुआ था। पहली अक्टूबर 2018 से 30 अप्रैल 2019 तक 42.50 लाख गांठ की निर्यात शिपमेंट हो चुकी हैं जबकि 7.27 लाख गांठ का आयात हो चुका है। ...... आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: