कुल पेज दृश्य

12 सितंबर 2025

अगस्त अंत तक 36.75 लाख गांठ कॉटन का आयात हुआ, उत्पादन अनुमान में बढ़ोतरी

नई दिल्ली। देश में पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2024-25 में अगस्त अंत तक 36.75 लाख गांठ, एक गांठ 170 किलो कॉटन का आयात हो चुका है, जबकि उद्योग ने घरेलू उत्पादन अनुमान में पहले की तुलना में एक लाख गांठ की बढ़ोतरी की है।


कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन में अगस्त अंत तक 36.75 लाख गांठ कॉटन का आयात हो चुका है, जबकि सितंबर अंत तक कुल आयात 41 लाख गांठ होने का अनुमान है। फसल सीजन 2023-24 के दौरान कॉटन का कुल आयात 15.20 लाख गांठ का ही हुआ था।

पहली अक्टूबर 2024 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2024-25 में देश में कॉटन का उत्पादन 312.40 लाख गांठ होने का अनुमान है, जबकि इसके पहले के अनुमान से एक लाख गांठ ज्यादा है।

सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन के अंत तक देश से 18 लाख गांठ कॉटन के निर्यात का अनुमान है, जबकि अगस्त अंत तक 17 लाख गांठ की शिपमेंट हो चुकी है। पिछले फसल सीजन के दौरान 28.36 लाख गांठ का निर्यात हुआ था।

सीएआई के अनुसार उत्पादक मंडियों में अगस्त अंत तक 307.09 लाख गांठ कॉटन की आवक हो चुकी है, जिसमें से 286 लाख गांठ की खपत हो चुकी है। अत: पहली अगस्त को मिलों के पास 35 लाख गांठ एवं सीसीआई, महाराष्ट्र फेडरेशन, एमएनसी, जिनर्स एवं निर्यातकों के साथ ही व्यापारियों के पास 45.03 लाख गांठ कॉटन का बकाया स्टॉक है।

सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2024 को कॉटन का बकाया स्टॉक 39.19 लाख गांठ का बचा हुआ था, जबकि 312.40 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है। चालू सीजन में करीब 41 लाख गांठ कुल कॉटन का आयात होने की उम्मीद है। ऐसे में कुल उपलब्धता 392.59 लाख गांठ की बैठेगी।

सीएआई के अनुमान के अनुसार पंजाब में कॉटन का उत्पादन फसल सीजन 2024-25 में 1.50 लाख गांठ, हरियाणा में 8.05 लाख गांठ, अपर राजस्थान में 10.35 लाख गांठ एवं लोअर राजस्थान के 9.65 लाख गांठ को मिलाकर कुल 29.55 लाख गांठ होने का अनुमान है।

सीएआई के अनुसार मध्य भारत के राज्यों गुजरात में चालू फसल सीजन में 77.50 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 91 लाख गांठ तथा मध्य प्रदेश के 19 लाख गांठ को मिलाकर कुल 187.50 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।

दक्षिण भारत के राज्यों में तेलंगाना में चालू फसल सीजन में 49.50 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश में 12 लाख गांठ एवं कर्नाटक में 24 लाख गांठ तथा तमिलनाडु के 4 लाख गांठ को मिलाकर कुल 89.50 लाख गांठ के कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।

ओडिशा में चालू खरीफ में 3.85 लाख गांठ एवं अन्य राज्यों में 2 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं: