कुल पेज दृश्य

02 जून 2019

नरेंद्र सिंह तोमर बने देश के कृषि मंत्री, राम विलास पासवान के पास रहेगा उपभोक्ता मामले मंत्रालय

आर एस राणा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया। मध्यप्रदेश के मुरैना से सांसद नरेंद्र सिंह तोमर को देश का कृषि मंत्री बनाया गया है। उन्हें कृषि मंत्रालय के साथ ग्रामीण विकास और पंचायती राज की जिम्मेदारी भी सौपी गई है। राम विलास पासवान उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय मंत्री बने रहेंगे, मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में भी उनके पास यही मंत्रालय था। महाराष्ट्र की जालना लोकसभा सीट से सांसद चुने गए दानवे रावसाहेब दादाराव को उपभोक्ता मामले मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।
पुरुषोत्तम रुपाला और कैलाश चौधरी कृषि मंत्रालय में राज्य मंत्री
पुरुषोत्तम रुपाला को कृषि मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है, राज्यसभा सांसद पुरुषोत्तम रुपाला पिछली मोदी सरकार में भी कृषि और पंचायती राज मंत्रालय में राज्य मंत्री थे। गुजरात सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके रुपाला को 2008 में राज्य सभा के लिए चुना गया। उसके बाद 2016 में दोबारा वो राज्य सभा भेजे गए। राजस्थान के बाड़मेर से सांसद कैलाश चौधरी को मोदी दो सरकार में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। 45 वर्षीय चौधरी मोदी कैबिनेट में नए चेहरे हैं।
हरसिमरत कौर बादल फिर से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में केंद्रीय मंत्री
पंजाब के बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय मिला है, मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में भी उनके पास खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय था। रामेश्वर तेली खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाये गए हैं।
गजेन्द्र सिंह शेखावत को जल शक्ति मंत्रालय की कमान
जोधपुर से सांसद बने गजेन्द्र सिंह शेखावत को नरेंद्र मोदी सरकार दो में जल शक्ति मंत्रालय का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जल शक्ति मंत्रालय का गठन पहली बार किया गया है। इसका उल्लेख प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजस्थान में अपनी जनसभा के दौरान किया था। उन्होंने कहा था कि जनता का आशीर्वाद मिला तो इस बार हर घर और खेत तक पानी पहुंचेगा। पानी के लिए अलग से मंत्रालय बनाया जाएगा, जिसका नाम जल-शक्ति मंत्रालय होगा।
गिरिराज सिंह बने केंद्रीय पशुपालन, डेयरी और मत्स्यपालन मंत्री
बिहार की बेगूसराय सीट से सांसद बने गिरिराज सिंह को पशुपालन, डेयरी और मत्स्यपालन का केंद्रीय मंत्री बनाया गया है। गिरिराज सिंह केंद्र की नरेंद्र मोदी की पिछली सरकार में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्री थे। वे लगातार दूसरी बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। पिछली बार नवादा से 2014 में उन्होंने जीत हासिल की थी और इस बार बेगूसराय से दूसरी बार सांसद बने हैं।
संजीव बालियान मत्स्य एवं पशुपालन में बने राज्य मंत्री
उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर संसदीय सीट से सांसद चुने गए संजीव बालियान को मोदी सरकार दो में मत्स्य एवं पशुपालन में राज्य मंत्री बनाया गया है। 2014 में उन्हें एनडीए सरकार में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री बनाया गया था। उसके बाद जुलाई 2016 में राज्यमंत्री जल संसाधन, नदी विकास और गंगा कायाकल्प बनाया गया। सितंबर 2017 में उनको मंत्री पद से हटा दिया गया था।...... आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: