कुल पेज दृश्य

18 नवंबर 2018

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बारिश तथा बर्फबारी की संभावना, दक्षिणी राज्यों में होगी बारिश

आर एस राणा
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उधर दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, दक्षिण कर्नाटक और आंध्र प्रदेश तथा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश होने का अनुमान है।
आईएमडी के मुताबिक, अरब सागर में लो प्रेशर की वजह से तेज आंधी-तूफान केरल के तटीय इलाकों को अपनी चपेट में ले सकता है। इधर बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात गाजा के तमिलनाडु के तट से टकराने के बाद केरल की आेर बढ़ने से यहां खतरा हो गया है। वहीं हिंद महासागर की आेर से भी भारत के दक्षिण प्रायद्वीपीय तटीय इलाके में हालात बिगड़ सकते हैं। इन हालातों में तमिलनाडु आैर केरल में आंधी-तूफान के साथ बारिश की आशंका है। इससे पहले तमिलनाडु में चक्रवात गाजा की वजह से जानमाल का काफी नुकसान हुआ है।
प्रायद्वीप और हिंद महासागर पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र 
मौसम विभाग के अनुसार प्रायद्वीप और हिंद महासागर पर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अगले 24 घंटों के दौरान निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। असम और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
हिमालय के पश्चिम में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 
मौसम विभाग के पूर्वाअनुमान के अनुसार हिमालय के पश्चिम में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से जम्मू-कश्मीर आैर हिमाचल में बर्फबारी या बारिश हो सकती है। इसका असर हिमालय से लगे मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा। इन राज्यों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है आैर ठंडी हवाएं चल सकती हैं।
केरल, पश्चिम तमिलनाडु और लक्षद्वीप द्वीप में हुई तेज बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान केरल, पश्चिम तमिलनाडु और लक्षद्वीप द्वीप पर भारी बारिश हुई। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश देखी गई। उधर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ  हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।.......... आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: