कुल पेज दृश्य

08 फ़रवरी 2021

उद्योग ने कॉटन उत्पादन अनुमान 1.50 लाख गांठ बढ़ाया, दूसरे बार की बढ़ोतरी

नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2020 से शुरू चालू हुए फसल सीजन में उद्योग ने दूसरी बार उत्पादन अनुमान में बढ़ोतरी की है। कॉटन एसोसिएशन आफ इंडिया, एसईए के अनुसार चालू सीजन में 360 लाख गांठ (एक गांठ-170 किलो) का उत्पादन होने का अनुमान है जोकि इससे पहले के अनुमान से 1.50 लाख गांठ ज्यादा है।


एसईए ने आरंभिक अनुमान में 356 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान जारी किया था, जबकि जनवरी में उत्पादन अनुमान को बढ़ाकर 358.50 लाख गांठ कर दिया था। एसईए द्वारा जारी तीसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार 360 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, जोकि पिछले साल के बराबर है।    

उद्योग के अनुसार चालू फसल सीजन में उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कॉटन का उत्पादन 62 लाख गांठ होने का अनुमान है जोकि पिछले साल के 63 लाख गांठ से एक लाख गांठ कम है। मध्य भारत के गुजरात और महाराष्ट्र में कॉटन का उत्पादन क्रमशः 94 और 85 लाख गांठ होने का अनुमान है जबकि पिछले साल इन राज्यों में क्रमशः 95 और 87 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था। मध्य प्रदेश में चालू सीजन में कॉटन का उत्पादन अनुमान 20 लाख गांठ होने की उम्मीद है जोकि पिछले साल के 18 लाख गांठ से ज्यादा है। दक्षिण भारत के राज्यों तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में कॉटन का उत्पादन क्रमशः 49.50 और 16 लाख गांठ होने का अनुमान है जबकि पिछले साल इन राज्यों में क्रमशः 52 और 15.25 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था। उद्योग ने तीसरे अनुमान में तेलंगाना में उत्पादन अनुमान में बढ़ोतरी की है। कर्नाटक में चालू सीजन में 24.50 लाख गांठ, और तमिलनाडु में 5 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है जबकि पिछले साल इन राज्यों में क्रमशः 20 और 5 लाख गांठ का उत्पादन हुआ था। चालू सीजन में ओडिशा में 3 और अन्य राज्यों में एक लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।

एसईए के अनुसार चालू फसल सीजन में कॉटन का आयात घटकर 14 लाख गांठ ही होने का अनुमान है जबकि पहले 15.50 लाख गांठ के आयात का अनुमान है। चालू फसल सीजन के पहले चार महीनों में करीब 6 लाख गांठ का आयात हो चुका है। चालू सीजन में कॉटन का निर्यात 54 लाख गांठ होने का अनुमान है जोकि प्रारंभिक अनुमान के बराबर ही है लेकिन पिछले साल के 50 लाख गांठ से ज्यादा है। एसईए के अनुसार 31 जनवरी 2021 तक 29 लाख गांठ की शिपमेंट हो चुकी है।

उद्योग के अनुसार 31 जनवरी 2021 तक देशभर के राज्यों की मंडियों में 255.25 लाख गांठ की आवक हो चुकी है।

कोई टिप्पणी नहीं: