कुल पेज दृश्य

04 जुलाई 2018

ग्वार गम उत्पादों के निर्यात में आई कमी, आगे और नरमी की संभावना

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष 2018-19 के पहले दो महीनों अप्रैल-मई के दौरान ग्वार गम उत्पादों के निर्यात में कमी आई है। इस दौरान निर्यात घटकर 95,652 टन का ही हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष 2017-18 की समान अवधि में इनका निर्यात 1,06,527 टन का निर्यात हुआ था।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार मूल्य के हिसाब से ग्वार गम उत्पादों का निर्यात चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में 3 फीसदी बढ़ा है। अप्रैल-मई में इनका निर्यात मूल्य के हिसाब से 867 करोड़ रुपये का हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष 2017-18 की समान अवधि में इनका निर्यात 841 करोड़ रुपये का ही हुआ था।
वित्त वर्ष 2017-18 में ग्वार गम उत्पादों का निर्यात 4.94 लाख टन का हुआ था, जोकि इसके पिछले वित्त वर्ष 2016-17 के 4.19 लाख टन से ज्यादा था। मूल्य के हिसाब से वित्त वर्ष 2017-18 में 4,170 करोड़ रुपये मूल्य के ग्वार गम उत्पादों का निर्यात हुआ था जोकि इसके पिछले वित्त वर्ष के 3,107 करोड़ रुपये से ज्यादा था।
ग्वार गम उत्पादों में इस समय निर्यात मांग कमजोर है, तथा आगामी दिनों में ग्वार सीड और ग्वार गम की कीमतों में तेजी-मंदी उत्पादक राज्यों में होने वाली बारिश पर भी निर्भर करेगी। जैसा कि मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की हुई है, बारिश अच्छी हुई तो फिर आगे इनके भाव में मंदा ही आने का अनुमान है।........  आर एस राणा

खाद्यान्न की बंपर खरीद ने बढ़ाई सरकार की मुश्किल, राज्यों से भंडारण की मांग रिपोर्ट

आर एस राणा
नई दिल्ली। कई राज्यों में चुनाव साल होने के कारण केंद्र सरकार ने रबी में गेहूं, दलहन और तिलहन की समर्थन मूल्य पर बंपर खरीद की है, लेकिन भंडारण की कमी के कारण कई राज्यों में अभी भी अनाज खुले में पड़ा हुआ है। बारिश शुरू होने से कई मंडियों में अनाज भीग गया है, इससे चिंतित केंद्र सरकार ने राज्यों से खाद्यान्न के भंडारण की रिपोर्ट मांगी है।
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार सभी राज्यों को पत्र लिखकर खाद्यान्न के भंडारण की विस्तृत जानकारी देने को कहा गया है। रबी सीजन 2018-19 में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 355.12 लाख टन गेहूं की बंपर खरीद की है। केंद्रीय पूल में पहली जून को ही 680.25 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक है जोकि पिछले साल की समान अवधि के 555.40 लाख टन से ज्यादा हैं। खाद्यान्न के कुल स्टॉक में जून में हुई खरीद भी जोड़ दे तो स्टॉक और बढ़ जायेगा।
एफसीआई ने रबी में एसएसपी पर 355.12 लाख टन गेहूं खरीदा है जो​कि तय लक्ष्य 320 लाख टन से ज्यादा है। प्रमुख उत्पादक राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान से चालू रबी में खरीद पिछले साल की तुलना में बढ़ी है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश से तो गेहूं की रिकार्ड खरीद क्रमश: 87.39 और 50.88 लाख टन की हुई है।
नेफेड ने चालू रबी में रिकार्ड 27.16 लाख टन चना, 2.40 लाख टन मसूर और 8.72 लाख टन सरसों के अलावा मूंगफली और सनफ्लावर की खरीद भी की है। नेफेड के पास खरीफ में खरीदी हुई दालों का बकाया स्टॉक भी बचा हुआ है जबकि भंडारण की कमी के कारण कई राज्यों की मंडियों से खरीदे गए खाद्यान्न का उठाव ही नहीं हो पाया है। मानसूनी बारिश शुरू हो चुकी है इसलिए खुले में रखे अनाज के भीगने का डर बना हुआ है।.....  आर एस राणा

03 जुलाई 2018

कपास का 64 लाख गांठ का हो चुका है निर्यात, आयात हुआ 10 लाख गांठ

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू फसल सीजन में 64 लाख गांठ (एक गांठ-170 किलो) कपास का निर्यात हो चुका है जबकि कुल निर्यात 70 लाख गांठ होने का अनुमान है। उधर आयात घटकर 10 लाख गांठ का ही हुआ है जबकि विश्व बाजार में भारतीय कपास अभी भी सबसे सस्ती है, इसलिए घरेलू बाजार में कपास की कीमतों में तेजी बनी रहने का अनुमान है।
कॉटन एसोसिएशन आॅफ इंडिया (सीएआई) के अनुसार चालू फसल सीजन में 64 लाख गांठ की शिपमेंट हो चुकी है तथा कुल निर्यात बढ़कर 70 लाख गांठ का होने का अनुमान है जबकि पिछले सीजन में केवल 58.21 लाख गांठ का ही निर्यात हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कपास के दाम उंचे होने के कारण चालू सीजन में कपास का आयात भी घटकर 15 लाख गांठ का ही होने का अनुमान है जबकि पिछले सीजन में 30.94 लाख गांठ का ​आयात हुआ था।
सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर से शुरू हुए चालू सीजन में कपास का उत्पादन 365 लाख गांठ के साथ ही नई फसल के समय बकाया 36 लाख गांठ के अलावा 15 लाख गांठ आयात को मिलाकर कुल उपलब्धता 416 लाख गांठ की बैठेगी। पिछले साल कपास का उत्पादन 337.25 लाख गांठ का ही हुआ था जबकि आयात और बकाया स्टॉक को मिलाकर कुल उपलब्धता 404.69 लाख गांठ की ही बैठी थी।
उद्योग के सूत्रों के अनुसार चालू सीजन में उत्पादन तो पिछले साल से ज्यादा होने का अनुमान है लेकिन जहां आयात कम होगा, वहीं निर्यात भी ब​ढ़ेगा। इसलिए आगामी सीजन के आरंभ में बकाया स्टॉक कम रहेगा। चालू सीजन में अभी तक बुवाई भी पिछे चल रही है। इसलिए आगामी दिनों में घरेलू बाजार में कपास की कीमतों में और तेजी आने का अनुमान है।
कपास की बुवाई चालू खरीफ सीजन में घटकर अभी तक केवल 32.20 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक कपास की बुवाई 46.10 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। ............  आर एस राणा

मटर के आयात पर सितंबर अंत तक रहेगी रोक, भाव में सुधार आने का अनुमान

आर एस राणा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मटर के आयात पर लगी रोक की अवधि को तीन महीने बढ़ाकर 30 सितंबर 2018 तक कर दिया है। इस दौरान पीली मटर के साथ ही हरी मटर के अलावा किसी भी अन्य तरह की मटर का आयात नहीं होगा। आयात पर लगी रोक की अवधि बढ़ाने से घरेलू मंडियों में मटर समेत अन्य दालों की कीमतों में हल्का सुधार आने का अनुमान है। 
30 जून 2018 तक लगी हुई थी रोक
विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार मटर के आयात पर लगी रोक की अवधि को 30 सितंबर 2018 तक बढ़ा दिया है। इससे पहले केंद्र सरकार ने 30 जून 2018 तक इसके आयात पर रोक लगाई थी।
दलहन के आयात में मटर की हिस्सेदारी 50 फीसदी से ज्यादा 
दलहन के कुल आयात में सबसे ज्यादा मटर की हिस्सेदारी होती है, जबकि फसल सीजन 2017-18 में दलहन की रिकार्ड घरेलू पैदावार से उत्पादक मंडियों में दालों की कीमतें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे बनी हुई है। कृषि मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 2017-18 के पहले 8 महीनों अप्रैल से नवंबर के दौरान 46.89 लाख टन दालों का आयात हुआ है, इसमें 24.54 लाख टन मटर है जोकि कुल आयात का 52.33 फीसदी है। वित्त वर्ष 2016-17 में दलहन का कुल आयात 66.08 लाख टन का हुआ था, इस दौरान 31.72 लाख टन मटर का आयात हुआ था।
दलहन का रिकार्ड उत्पादन अनुमान
कृषि मंत्रालय के अनुसार फसल सीजन 2017-2018 में दलहन का रिकार्ड 245.1 लाख टन उत्पादन होने का अनुमान है जबकि 2016-17 में इनका उत्पादन 231.3 लाख टन का ही हुआ था। ............  आर एस राणा

02 जुलाई 2018

दरबारी ​प्रधानमंत्री की मेहमाननवाजी में मशगूल, असली किसान लड़ रहे सड़क पर

आर एस राणा
नई दिल्ली। गन्ना किसानों की समस्याओं से कोसो दूर किसानों का प्रतिनिधिमंडल जहां प्रधानमंत्री की मेहमाननवाजी में मशगूल था, वहीं असली किसान सड़क पर किसानों के हितों की लड़ाई लड़ रहे थे। 29 जून को प्रधानमंत्री ने गन्ना किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जबकि स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के सदस्यों ने संगठन के नेता और लोकसभा सांसद राजू शेट्टी के नेतृत्व में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और दूध की उचित कीमतों के लिए पूणे में कमिश्नर कार्यालय पर सड़क पर प्रदर्शन किया।
किसानों की समस्याओं को लेकर देशभर ​के किसान संगठनों के लामबंद होने से केंद्र के साथ ही राज्य सरकारें भी दबाव महसूस कर रही हैं। दबाव भी सही है क्योंकि चालू साल के आखिर तक जहां कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहीं 2019 में लोकसभा चुनाव है। अत: ​सरकार किसानों को नाराज नहीं करना चाहती। यहीं कारण है कि प्रधानमंत्री में ने आननफानन में गन्ना किसानों के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात के लिए बुलाया। यह अगल बात है इस बैठक में किसानों के बजाय राजनीति से जुड़े ज्यादा लोग शामिल थे।
उधर पूणे में कमिश्नर कार्यालय में हजारों की संख्या में एकत्र हुए किसानों को संबोधित करते हुए राजू शेट्टी ने कहा कि दूध की कीमतों में आई भारी गिरावट से दूध किसानों को भारी घाटा हो रहा है इसलिए राज्य सरकार दूध उत्पादकों को 5 रुपये प्रति लीटर की दर से सब्सिडी दे, अगर राज्य सरकार ने ऐसा नहीं किया तो फिर 16 जुलाई से मुंबई में दूध की आपूर्ति बंद कर दी जायेगी। दूध उत्पादकों को सब्सिडी देने से राज्य सरकार पर मात्रा 400 करोड़ रुपये का खर्च आयेगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में राज्य सरकार पिछले पांच साल से दूध उत्पादकों को सब्सिडी दे रही है। 
दूध की उत्पादन लागत करीब 35 रुपये प्रति लीटर है जबकि किसानों को 17-18 रुपये प्रति लीटर का दाम ही मिल रहा है। राजू शेट्टी के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा चीनी के न्यूनतम बिक्री भाव 29 रुपये प्रति किलो तय कर दिए जाने के बाद, घरेलू बाजार में चीनी के भाव तेज हो गए है। इसके बावजूद भी चीनी मिलें किसानों को भुगतान नहीं कर रही है जिस कारण गन्ना किसानों को भारी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।....   आर एस राणा

दलहन, तिलहन के साथ मोटे अनाजों की बुवाई पिछड़ी, प्री-मानसून की बारिश कम होने का असर

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू खरीफ में प्री-मानसून की बारिश कई राज्यों में सामान्य से कम होने के कारण खरीफ फसलों की ​बुवाई पिछड़ी है। कपास, दलहन, तिलहन और मोटे अनाजों के साथ ही धान की रोपाई पिछले साल की तुलना में कम हुई है। हालांकि मानसूनी बारिश लगभग देशभर के सभी राज्यों में शुरू हो चुकी है, इसलिए आगामी दिनों में खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आने की संभावना है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ में दालों की बुवाई अभी तक 10.72 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 18.18 लाख हैक्टेयर में इनकी बुवाई हो चुकी थी। खरीफ दलहन की प्रमुख फसलों अरहर, उड़द और मूंग की बुवाई में चालू सीजन में कमी आई है। इसी तरह से खरीफ तिलहनों की बुवाई चालू सीजन में घटकर अभी तक केवल 14.55 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इनकी बुवाई 26 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। खरीफ तिलहन की प्रमुख फसलों सोयाबीन और मूंगफली की बुवाई पिछले साल से पिछे चल रही है।
मोटे अनाजों की बुवाई चालू खरीफ सीजन में अभी तक केवल 23.89 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इनकी बुवाई 34.02 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। मोटे अनाजों में बाजरा की बुवाई चालू खरीफ में अभी तक केवल 4.09 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक इसकी बुवाई 12.60 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। मक्का की बुवाई चालू खरीफ में 15.20 लाख हैक्टेयर में और ज्वार की 2.21 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है।
कपास की बुवाई चालू खरीफ सीजन में घटकर अभी तक केवल 32.20 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक कपास की बुवाई 46.10 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। खरीफ की प्रमुख फसल धान की रोपाई चालू खरीफ में अभी तक 26.91 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 30.02 लाख हैक्टेयर में इसकी रोपाई हो चुकी थी।
गन्ने की बुवाई जरुर चालू सीजन में बढ़कर 50.01 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई केवल 49.48 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई थी। 
मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ सीजन में फसलों की कुल बुवाई घटकर अभी तक केवल 165.21 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 210.75 लाख हैक्टेयर में फसलों की बुवाई हो चुकी थी।......आर एस राणा

जुलाई के लिए 16.50 लाख टन चीनी का कोटा, जून के मुकाबले 4.5 लाख टन कम

आर एस राणा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने जुलाई महीने के लिए 16.50 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया है, जोकि जून की तुलना में 4.5 लाख टन कम है। जुलाई से चीनी में त्यौहारी मांग शुरू हो जाती है अत: कोटा कम जारी करने से चीनी की कीमतों में आगामी दिनों में तेजी बनने की संभावना है।
व्यापारियों के अनुसार उम्मीद से कोटा कम जारी करने और त्यौहारी मांग के कारण शनिवार को चीनी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। दिल्ली में चीनी के भाव बढ़कर 3,650 से 3,700 रुपये और उत्तर प्रदेश में चीनी के एक्स फैक्ट्री भाव 3,400 से 3,450 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। महाराष्ट्र में चीनी के बाद बढ़कर इस दौरान 3,100 से 3,200 रुपये रुपये प्रति क्विंटल हो गए। केंद्र सरकार ने चीनी के न्यूनतम बिक्री भाव 2,900 रुपये प्रति क्विंटल तय कर रखे हैं। 
केंद्र सरकारी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जुलाई के लिए खुले बाजार में बेचने के लिए 16.50 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया गया है। हालांकि महाराष्ट्र में करीब 2 लाख टन जून महीने का बकाया भी बचा हुआ है। ऐसे में जुलाई महीने में कुल उपलब्धता 18.50 लाख टन चीनी की होगी। जून महीने के लिए केंद्र सरकार ने 21 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया था।
उद्योग के अनुसार चालू पेराई सीजन 2017-18 में चीनी का रिकार्ड उत्पादन 320 लाख टन के करीब हुआ है जबकि पिछले साल कुल उत्पादन 203 लाख टन का ही हुआ था। देश में चीनी की सालाना खपत 245 से 250 लाख टन की होती है।
गन्ना पेराई सीजन समाप्त हो चुका है जबकि चीनी मिलों पर अभी भी किसानों का बकाया करीब 19,816 करोड़ रुपये बचा हुआ है, इसमें सबसे ज्यादा हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश के किसानों की है। चीनी मिलों द्वारा भुगतान नहीं किए जाने से गन्ना किसानों को भारी आर्थिक दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है।............आर एस राणा