नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2026 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन 2026-27 में 15 नवंबर 2026 तक 23.59 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है, जबकि पिछले पेराई सीजन की समान अवधि में केवल 11.49 लाख टन का उत्पादन हुआ था। उत्पादन में इस बढ़ोतरी प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में गन्ना पेराई का समय से पहले शुरू होना है।
भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (इस्मा) के अनुसार 15 नवंबर 2026 तक देशभर में 313 चीनी मिलों ने गन्ना पेराई शुरू कर दी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 311 मिलें चालू थीं।
महाराष्ट्र के बाद अब उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी गन्ना पेराई की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। आने वाले दिनों में इन राज्यों की और चीनी मिलें शुरू होने की उम्मीद है, जिससे देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में पेराई की गति और बढ़ेगी। इस्मा के अनुसार देशभर में चीनी का नया उत्पादन बाजार में पहुंचने से घरेलू उपलब्धता संतोषजनक बनी हुई है। उद्योग घरेलू खपत की जरूरतों को पूरा करने और बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने की स्थिति में है।
राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ लिमिटेड (एनएफसीएसएफ) के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर तक देश में चीनी का उत्पादन 55 फीसदी बढ़कर 24.21 लाख टन का हो गया। इस बढ़ोतरी में महाराष्ट्र में समय से पहले और तेज गति से शुरू हुई गन्ना पेराई की प्रमुख भूमिका रही।
महासंघ के अनुसार, देशभर की मिलों ने अब तक 290.53 लाख टन गन्ने की पेराई की है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 200.90 लाख टन की तुलना में 44.61 फीसदी अधिक है। औसत चीनी रिकवरी दर भी पिछले वर्ष के 7.75 फीसदी से बढ़कर 8.33 फीसदी की हो गई। हालांकि, चालू सीजन में पिछले साल की तुलना में कम मिलें संचालित हो रही हैं।
महाराष्ट्र में 15 नवंबर तक 18.75 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 7.95 लाख टन का था। राज्य की 155 मिलों ने 216.76 लाख टन गन्ने की पेराई की, जो पिछले सीजन के 103.25 लाख टन से दोगुने से भी अधिक है। राज्य की औसत चीनी रिकवरी दर 8.65 फीसदी रही, जबकि पिछले वर्ष यह 7.70 फीसदी थी।
उत्तर प्रदेश में इस बार गन्ना पेराई और चीनी उत्पादन पिछले साल की तुलना में पीछे चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य की 75 मिलों ने अब तक 17.34 लाख टन गन्ने की पेराई कर 1.50 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 86 मिलों ने 40 लाख टन गन्ने की पेराई कर 3.50 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। राज्य की रिकवरी दर भी पिछले साल के 8.75 फीसदी से घटकर 8.65 फीसदी की रह गई है।
कर्नाटक में 60 मिलों ने 31.43 लाख टन गन्ने की पेराई कर 2.20 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। यहां रिकवरी दर 7 फीसदी रही। पिछले वर्ष इसी अवधि में 65 मिलों ने 34.51 लाख टन गन्ने की पेराई कर 2.45 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। गुजरात की 12 मिलों ने 13.49 लाख टन गन्ने की पेराई से 0.85 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। पिछले वर्ष 18.31 लाख टन गन्ने से 1.30 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।
तमिलनाडु में छह मिलों ने 8.24 लाख टन गन्ने की पेराई कर 0.70 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। पिछले सीजन में चार मिलों ने 0.25 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। तेलंगाना में अब तक 0.10 लाख टन और उत्तराखंड में 0.11 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। वहीं, आंध्र प्रदेश, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पंजाब में अब तक चीनी मिलों ने गन्ना पेराई शुरू नहीं की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें