नई दिल्ली। पहली अक्टूबर से शुरू हुए चालू पेराई सीजन 2026-27 के शुरूआत में चीनी का उत्पादन बढ़ने के बावजूद भी चीनी की खुदरा एवं थोक कीमत तेज हुई है। गुरुवार को दिल्ली में चीनी के खुदरा दाम 64 रुपये, कानपुर में 64 रुपये तथा मुंबई में 61 रुपये तथा कोलकाता में 65 रुपये प्रति किलो हो गए। इस दौरान दिल्ली में चीनी के थोक भाव 6,100 रुपये और कानपुर में 6,150 रुपये तथा मुंबई में 5,650 रुपये तथा कोलकाता में 6,300 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में इसके खुदरा दाम एक रुपये प्रति किलो तक तेज हुए, जबकि थोक कीमतों में 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी आई।
इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 5 नवंबर तक देश में 12.85 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका था जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसका उत्पादन केवल 3.20 लाख टन का ही हुआ था।
अत: चालू पेराई सीजन के आरंभ में ही चीनी का उत्पादन लगभग चार गुना बढ़ गया है। 5 नवंबर तक देशभर में कुल 184 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई आरंभ कर दी थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में केवल 154 मिलों में ही पेराई आरंभ हुई थीं।
शुरुआती सीजन के कुल चीनी उत्पादन में महाराष्ट्र का सबसे बड़ा योगदान रहा है। इस्मा के आंकड़ों के अनुसार, 5 नवंबर तक महाराष्ट्र की 136 चीनी मिलों ने 10.78 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था जबकि इसके पिछले वर्ष की समान अवधि में राज्य की 101 चीनी मिलों ने केवल 1.23 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था।
महाराष्ट्र चीनी आयुक्तालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 11 नवंबर तक राज्य की 143 चीनी मिलों ने कुल 176.99 लाख टन गन्ने की पेराई करके 15.022 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। इस तरह देश में शुरुआती सीजन के दौरान चीनी उत्पादन में बढ़ोतरी के बावजूद खुदरा एवं थोक कीमतों में गिरावट के बजाए, तेजी आई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को अभी भी सस्त चीनी खरीदने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें