नई दिल्ली। चालू गन्ना पेराई सीजन 2026-27 में महाराष्ट्र में 28 अक्टूबर तक राज्य की 106 चीनी मिलों ने कुल 48.65 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। चीनी आयुक्त कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य में अब तक 64.91 लाख टन गन्ने की पेराई पूरी हो चुकी है।
राज्य में चालू पेराई सीजन में अभी तक चीनी की औसत रिकवरी 7.49 फीसदी दर्ज की गई है। राज्य में अब तक 51 सहकारी और 55 निजी चीनी मिलों में पेराई शुरू हो चुकी है। अन्य मिलों में भी जल्द ही पेराई शुरू होने की संभावना है। पिछले पेराई सीजन में 28 अक्टूबर तक राज्य में केवल दो निजी चीनी मिलें शुरू हुई थी।
सोलापुर विभाग में सबसे अधिक 26 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। इनमें 10 सहकारी और 16 निजी मिलें शामिल हैं। इन मिलों ने अब तक 13.34 लाख टन गन्ने की पेराई कर 9.52 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। इस दौरान चीनी की औसत रिकवरी 7.14 फीसदी रही।
सोलापुर के बाद नांदेड़ विभाग की 22 चीनी मिलों में पेराई शुरू हुई है। इनमें नौ सहकारी और 13 निजी मिलें शामिल हैं। इन मिलों ने 7.88 लाख टन गन्ने की पेराई कर 5.05 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। यहां औसत चीनी की रिकवरी दर 6.41 फीसदी दर्ज की गई है।
अहिल्यानगर विभाग में 20 चीनी मिलों ने पेराई शुरू की है। इनमें 11 सहकारी और नौ निजी मिलें हैं। इन मिलों ने 12.57 लाख टन गन्ने की पेराई कर 9.46 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। विभाग की औसत रिकवरी 7.53 फीसदी बैठ रही है।
पुणे विभाग में अब तक 15 चीनी मिलों में पेराई शुरू हो चुकी है। इनमें 10 सहकारी और पांच निजी मिलें शामिल हैं। विभाग में 16.4 लाख टन गन्ने की पेराई की गई है, जिससे 13.59 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ है। यहां चीनी की औसत रिकवरी दर 8.29 फीसदी दर्ज की गई है।
छत्रपति संभाजीनगर विभाग में 13 चीनी मिलों ने पेराई शुरू की है। इनमें छह सहकारी और सात निजी मिलें शामिल हैं। इन मिलों ने अब तक 8.23 लाख टन गन्ने की पेराई कर 5.52 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। विभाग में औसत चीनी की रिकवरी दर 6.71 फीसद की है।
कोल्हापुर विभाग में किसान संगठनों के आंदोलन का असर पेराई सीजन पर दिखाई दे रहा है। यहां अब तक केवल नौ चीनी मिलों में पेराई शुरू हुई है। इनमें पांच सहकारी और चार निजी मिलें शामिल हैं। गन्ने के दाम को लेकर समाधान निकलने की प्रतीक्षा में अन्य चीनी मिलों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। विभाग में अब तक 5.72 लाख टन गन्ने की पेराई कर 4.97 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया है। यहां राज्य में सबसे अधिक 8.69 फीसदी की औसत चीनी रिकवरी दर्ज की गई है।
अमरावती विभाग में अब तक केवल एक निजी चीनी मिल शुरू हुई है। इस मिल ने 0.77 लाख टन गन्ने की पेराई कर 0.54 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। विभाग की औसत रिकवरी 7.01 फीसदी रही। वहीं, नागपुर विभाग में अब तक एक भी चीनी मिल में पेराई शुरू नहीं हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें