नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 30 अक्टूबर को नवंबर 2026 के पहले पखवाड़े के लिए घरेलू बाजार में चीनी की बिक्री का कोटा 13 लाख टन का जारी किया है जोकि अक्टूबर के पहले पखवाड़े के 14 लाख टन की तुलना में एक लाख टन कम है। केंद्र सरकार द्वारा मासिक आवंटन प्रणाली से पखवाड़ेवार कोटा व्यवस्था अपनाए जाने के बाद यह पांचवां पखवाड़ेवार कोटा घोषित किया गया है।
केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अनुसार यह आवंटन 1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। इसके अलावा, अक्टूबर 2026 के दौरान गन्ने की पेराई शुरू करने वाली चीनी मिलों को अक्टूबर में उत्पादित चीनी की बिक्री नवंबर 2026 में करने की अनुमति दी गई है।
अक्टूबर 2026 के लिए केंद्र सरकार ने कुल 30 लाख टन चीनी का कोटा आवंटित किया था। इसमें पहले पखवाड़े के लिए 14 लाख टन और दूसरे पखवाड़े के लिए 16 लाख टन का कोटा शामिल था। इसकी तुलना में अक्टूबर 2025 में घरेलू बाजार में चीनी की बिक्री के लिए 24 लाख टन का मासिक कोटा निर्धारित किया गया था।
सितंबर 2026 में कुल 26.50 लाख टन चीनी का आवंटन किया गया था। इसमें पहले पखवाड़े के लिए 13 लाख टन और दूसरे पखवाड़े के लिए 13.50 लाख टन चीनी का कोटा तय किया गया था। पखवाड़ेवार आवंटन व्यवस्था के तहत सरकार समय-समय पर कोटा निर्धारित कर घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति को नियंत्रित करती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना और घरेलू कीमतों में अचानक होने वाले उतार-चढ़ाव को रोकना है। कोटा तय करते समय बाजार की मौजूदा स्थिति और मांग को ध्यान में रखा जाता है।
इस्मा के अनुसार देश में 2026-27 के दौरान घरेलू जरूरतों के लिए चीनी की उपलब्धता अच्छी है। अक्टूबर से शुरू हुए चालू पेराई सीजन में 107 मिलों ने पेराई शुरू कर दी हैं, जिसमें महाराष्ट्र की 87 चीनी मिलें शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें