नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2026 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन (अक्टूबर-26 से सितंबर-27) में 5 नवंबर 2026 तक कुल चीनी उत्पादन 12.85 लाख टन के पार पहुंच गया है जबकि पिछले पेराई सीजन की समान अवधि के दौरान केवल 3.20 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।
इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देशभर में 184 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई शुरू कर दी है, जबकि पिछले पेराई सीजन की इसी अवधि में 154 मिलों ने ही पेराई आरंभ की थी।
इस्मा द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चालू पेराई सीजन के शुरुआती दौर में चीनी उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। महाराष्ट्र में समय से पेराई शुरू होने और अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में मिलों के धीरे-धीरे चालू होने से उत्पादन को गति मिली है।
महाराष्ट्र में चालू पेराई सीजन में शुरुआती में चीनी उत्पादन के मामले में सबसे आगे है। राज्य में 5 नवंबर तक 136 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी थी और इन मिलों ने इस दौरान 10.78 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में महाराष्ट्र की 101 मिलें चालू थीं और कुल 1.23 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। इस बार मिलों की संख्या और उत्पादन, दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस्मा के अनुसार चीनी सीजन की शुरुआत सकारात्मक रही है। देश में पिछले सीजन का लगभग 36 लाख टन चीनी का कैरीओवर स्टॉक उपलब्ध है। इसके साथ ही नए सीजन का उत्पादन भी तेजी पकड़ रहा है। ऐसे में घरेलू खपत की जरूरतों को पूरा करने के लिए चीनी की स्टॉक संतोषजनक है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें