नई दिल्ली। चालू खरीफ सीजन में प्रमुख उत्पादक राज्यों में प्रतिकूल मौसम के कारण कॉटन का उत्पादन 14.02 फीसदी घटकर 280 लाख गांठ, एक गांठ 170 किलो ही होने का अनुमान है जबकि पिछले साल इसका उत्पादन 325.69 लाख गांठ का हुआ था।
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई द्वारा जारी पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार पहली अक्टूबर 2026 से शुरू हुए चालू फसल सीजन 2026-27 में देशभर के कई राज्यों में मानसूनी बारिश सामान्य की तुलना में कम हुई थी, जिस कारण कपास के उत्पादन अनुमान में कमी आने की आशंका है।
सीएआई के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में चालू खरीफ में कॉटन का उत्पादन 28 लाख गांठ होने का अनुमान है। इसमें पंजाब में 1.25 लाख गांठ, तथा हरियाणा में 8 लाख गांठ के अलावा अपर राजस्थान में 11.25 लाख गांठ तथा लोअर राजस्थान में 7.50 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।
मध्य भारत के राज्यों में चालू फसल सीजन 2026—27 में 176 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, इसमें गुजरात में 66 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 91 लाख गांठ के अलावा मध्य प्रदेश में 19 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।
दक्षिण भारत के राज्यों में चालू फसल सीजन में 71 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान हैं, जिसमें तेलंगाना की हिस्सेदारी 34 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश की 12 लाख गांठ एवं कर्नाटक की 20 लाख गांठ के अलावा तमिलनाडु में 5 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।
ओडिशा में चालू फसल सीजन में कॉटन का उत्पादन 3 लाख गांठ के अलावा अन्य राज्यों में 2 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।
सीएआई के अनुसार पहली अक्टूबर 2026 को कॉटन का बकाया स्टॉक 72.82 लाख गांठ का बचा हुआ था, जबकि 280 लाख के उत्पादन अनुमान के अलावा चालू फसल सीजन में 65 लाख गांठ कॉटन का आयात होने का अनुमान है। ऐसे में कुल उपलब्धता 417.88 लाख गांठ की बैठेगी। चालू फसल सीजन में मिलों में कॉटन की खपत 365 लाख गांठ और 12 लाख गांठ के निर्यात का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें