कुल पेज दृश्य

09 जनवरी 2012

रबी में दलहन और तिलहन का उत्पादन घटने के संकेत

दलहन उत्पादन का लक्ष्य पिछले साल के 109.7 लाख टन से घटाकर 102.7 लाख टन तय किया गया है। बुवाई में कमी से इसमें भी कमी की आशंका है। तिलहन की पैदावार पिछले साल 102.54 लाख टन थी। इस साल 115 लाख टन लक्ष्य पूरा होना मुश्किल है।
चालू रबी सीजन में अभी भी दलहन, तिलहन और मोटे अनाजों की बुवाई का रकबा पिछले साल के मुकाबले कम है। तिलहन का रकबा पांच फीसदी से ज्यादा घट गया है जबकि दलहन का रकबा 1.2 फीसदी कम है। चूंकि अब ज्यादातर इलाकों में बुवाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस वजह से अब इन फसलों का रकबा सुधरनेे की संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में चालू सीजन में दलहन और तिलहन का उत्पादन कम रहने के स्पष्ट संकेत दिखाई दे रहे हैं।

रबी सीजन की प्रमुख तिलहन सरसों का रकबा पिछले साल के मुकाबले काफी कम रह गया है। कृषि मंत्रालय द्वारा जारी बुवाई आंकड़ों के अनुसार चालू रबी में दलहन की बुवाई में 1.2 फीसदी, तिलहन की बुवाई में 5.3 फीसदी और मोटे अनाजों की बुवाई में 5.5 फीसदी की कमी आई है। ऐसे में रबी में दलहन, तिलहन और मोटे अनाजों की पैदावार में कमी आने की संभावना है जिससे दलहन और खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता और बढ़ जाएगी। कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू रबी में दलहन की बुवाई घटकर 140.66 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 142.38 लाख हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी।

इसी तरह से तिलहनों की बुवाई चालू रबी में 80.96 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले इस समय तक 85.5 लाख हैक्टेयर में तिलहनों की बुवाई हो चुकी थी। रबी तिलहन की प्रमुख फसल सरसों की बुवाई चालू रबी में 64.83 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 68.21 लाख हैक्टेयर में सरसों की बुवाई हो चुकी थी। मोटे अनाजों की बुवाई पिछले साल के 59.69 लाख हैक्टेयर के मुकाबले चालू रबी में अभी तक केवल 56.35 लाख हैक्टेयर में ही हुई है।

वर्ष 2010-11 में रबी में दालों का उत्पादन 109.7 लाख टन का हुआ था जबकि वर्ष 2011-12 में सरकार ने उत्पादन का लक्ष्य 102.7 लाख टन का रखा है लेकिन बुवाई में आई कमी से पैदावार में कमी आने की आशंका है। इसी तरह से वर्ष 2010-11 रबी सीजन में तिलहनों की पैदावार 102.54 लाख टन की हुई थी तथा सरकार ने वर्ष 2011-12 रबी में तिलहन उत्पादन का लक्ष्य 115 लाख टन का रखा है।

बुवाई में आई कमी से इसकी पैदावार भी तय लक्ष्य से कम होने की संभावना है। जिससे दलहन और खाद्य तेलों का अतिरिक्त आयात करना पड़ सकता है। (Business Bhaskar....R S Rana)

बासमती व मोटे अनाजों के निर्यात में बढ़ोतरी

डॉलर मजबूत होने से मोटे अनाजों का निर्यात और बढऩे की संभावना

13.74 लाख टन निर्यात हो चुका है चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में
10.07 लाख टन का निर्यात हुआ था पिछले साल की समान अवधि में
चालू वित्त वर्ष 2011-12 के पहले छह महीनों अप्रैल से सितंबर के दौरान बासमती चावल और मोटे अनाजों के निर्यात में भारी बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान बासमती चावल का निर्यात 41.5 फीसदी बढ़ गया जबकि मोटे अनाजों के निर्यात में 36.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान 13.74 लाख टन मोटे अनाजों का निर्यात हो चुका है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 10.07 लाख टन का निर्यात हुआ था।

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बिजनेस भास्कर को बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में 1,828.27 करोड़ रुपये के मोटे अनाजों का निर्यात हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 1,046.48 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ था। उन्होंने बताया कि रुपये के मुकाबले डॉलर की मजबूती से इस समय निर्यातकों को अच्छा मार्जिन मिल रहा है इसलिए आगामी महीनों में निर्यात में और भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान बासमती चावल के निर्यात में मात्रा के हिसाब से 41.5 फीसदी और वैल्यू के हिसाब से 48.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बासमती चावल में सऊदी अरब, ईरान और अन्य खाड़ी देशों की मांग बढऩे से अप्रैल से सितंबर के दौरान निर्यात में बढ़ोतरी हुई है। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से सितंबर के दौरान 7,379.83 करोड़ रुपये का 14.69 लाख टन बासमती चावल का निर्यात हो चुका है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 4,972.36 करोड़ रुपये के 10.38 लाख टन बासमती चावल का ही निर्यात हुआ है।

उन्होंने बताया कि गैर-बासमती चावल का निर्यात चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से सितंबर के दौरान 2.20 लाख टन का हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 57,683 हजार टन का ही हुआ था। इस दौरान 15,406 टन गेहूं का निर्यात हो चुका है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 309 टन गेहूं का ही निर्यात हुआ था। उन्होंने बताया कि सरकार ने 20 लाख टन गेहूं और 20 लाख टन गैर-बासमती चावल के निर्यात की अनुमति दी हुई है। (Business Bhaskar.....R S Rana)

और ज्यादा चीनी निर्यात की अनुमति जल्द

चीनी की राजनीति
विस चुनावों को देखकर ज्यादा चीनी निर्यात
किसानों को खुश करने की कवायद में केंद्र
ईजीओएम को अगले सप्ताह प्रस्ताव भेज सकता है खाद्य मंत्रालय
केंद्र सरकार अगले कुछ दिनों में चीनी के अतिरिक्त निर्यात की अनुमति दे सकती है। यूपीए की केंद्र सरकार का यह फैसला आर्थिक से कहीं ज्यादा राजनीतिक महत्व का होगा। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सरकार किसानों खासकर उत्तर प्रदेश में उन्हें रिझाने के लिए यह कदम उठा सकती है। अतिरिक्त चीनी का निर्यात होने से घरेलू बाजार में चीनी के दाम सुधरेंगे, तो किसानों को गन्ने का अच्छा मूल्य मिलने की संभावना बनेगी। उत्तर प्रदेश देश का प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्य है।

केंद्र सरकार की ओर से शीघ्र ही चीनी के अतिरिक्त निर्यात पर मुहर लगाई जा सकती है। हालांकि चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने के कारण केंद्र सरकार को इसके लिए चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस संबंध में अगले सप्ताह तक वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले खाद्य मामलों के उच्चाधिकार प्राप्त मंत्री समूह (ईजीओएम) के पास इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जा सकता है।

सूत्रों का कहना है कि चीनी का उत्पादन घरेलू मांग से अधिक रहने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी आना भी शुरू हो गई है। इन दोनों कारणों से फिलहाल चीनी के निर्यात की काफी संभावनाएं हैं। पिछले नवंबर में सरकार ने चालू विपणन वर्ष 2011-12 (अक्टूबर-सितंबर) के लिए 10 लाख टन चीनी के निर्यात की मंजूरी दी थी।

चीनी के अतिरिक्त निर्यात की मंजूरी दिए जाने से उत्तर प्रदेश चुनावों में कांग्रेस को फायदा मिल सकता है क्योंकि यूपी में करीब 130 मिलें हैं और गन्ना उत्पादन के दो सबसे बड़े राज्यों में से एक है। उत्तर प्रदेश में करीब 25-30% चीनी का उत्पादन होता है। राज्य में गन्ना किसानों को सालाना 16,000 करोड़ रुपये की आमदनी होती है। खाद्य मंत्रालय का मानना है कि अतिरिक्त निर्यात की अनुमति से चीनी मिलों की वित्तीय हालत में सुधार होगा, जिससे गन्ना किसानों को समय पर पैसा मिलना सुनिश्चित हो सकेगा।

मुख्यमंत्री मायावती ने भी राज्य स्तर पर गन्ने की कीमतें (एसएपी) विपणन वर्ष 2011-12 के लिए 40 रुपये बढ़ाकर 240-250 रुपये प्रति क्विंटल तय की थीं। केंद्र की ओर से चालू सीजन के लिए गन्ने का एफआरपी 145 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। यूपी समेत ५ राज्यों में गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य केंद्र के एफआरपी से अधिक है। (Business Bhaskar)

कृषि यंत्रों के लिए 4 फीसदी पर कर्ज!

कृषि मंत्रालय ने 4 फीसदी की दर पर मिलने वाले रियायती फसली ऋण का दायरा कृषि यंत्रीकरण तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। फिलहाल विभाग इस पर कार्य कर रहा है। विभाग का मकसद किसानों को कृषि और संबंधित कार्यों के लिए मशीनें खरीदने को प्र्रोत्साहित करना है, जिससे श्रम लागत घटाई जा सके। इस समय 4 फीसदी की रियायती दर पर कर्ज केवल फसल से संबंधित इनपुट जैसे बीज आदि के लिए ही मुहैया कराया जाता है।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रस्ताव का मकसद किसानों की श्रम लागत को नीचे लाना है, जिसका कुल लागत में 20-30 फीसदी हिस्सा होता है। कृषि यंत्रीकरण का मतलब कृषि कार्यों के लिए ज्यादा से ज्यादा मशीनों के इस्तेमाल से है। फिलहाल कृषि की समष्टि प्रबंधन योजना कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए कीमत आधारित सब्सिडी मुहैया कराती है। इस योजना के तहत कुल कीमत का एक-चौथाई हिस्सा सरकार द्वारा वहन किया जाता है, हालांकि कुल कीमत में वापस रिफंड की राशि की एक सीमा है। यह सब्सिडी ट्रैक्टर, पावर ट्रिलर, स्वचालित, हस्तचालित, ऊर्जाचालित और पशुओं से खींचे जाने वाले उपकरणों और मशीनों, डीजल पंप सैट, ड्रिप सिंचाई, फव्वारों और पौधों की सुरक्षा करने वाले उपकरणों आदि के लिए मुहैया कराई जाती है। सरकार कृषि में परिसंपत्तियों के सृजन पर ज्यादा जोर दे रही है। सूत्रों ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है, लेकिन कृषि यंत्रीकरण बहुत कम है और यह केवल बड़े किसानों तक ही सीमित है।
दूसरी ओर, बड़े पैमाने पर खाद्यान्न व नकदी फसलों का निर्यात और आयात कर भारत वैश्विक खाद्य और कृषि बाजार में अहम योगदान देता है। साथ ही, बहुत से अनिश्चित कारक भारत में कृषि और कृषि उपकरणों की बिक्री को प्रभावित करते हैं। इनमें मॉनसून, सरकार द्वारा घोषित किए जाने वाले समर्थन मूल्य, जिंसों की कीमतें, फसल उत्पादन लागत (तेल, उर्वरक, कीटनाशक और अन्य लागतों समेत) और बैंकों द्वारा घोषित ऋण नीति शामिल है। हालांकि कृषि यंत्रीकरण में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन राज्यों में मशीनीकरण के स्तर में भारी असमानताएं हैं। विभिन्न योजना अवधियों में उत्तरी राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश (विशेष रूप से पश्चिमी व तराई क्षेत्र) में कृषि यंत्रीकरण की वृद्धि तेज रही है। अधिकारियों ने कहा कि हालांकि अन्य उपकरणों और मशीनों जैसे कंबाइन हार्वेस्टर, थ्रेसर और अन्य ऊर्जा चालित उपकरणों का इस्तेमाल देश में बढ़ रहा है, लेकिन उत्तर-पूर्वी राज्यों में यंत्रीकरण की रफ्तार संतोषजनक नहीं है। इसकी वजह इन राज्यों की पहाड़ी भौगोलिक स्थिति, सामाजिक-आर्थिक दशाएं, परिवहन की ज्यादा लागत, संस्थागत वित्तीय सुविधाओं की कमी और कृषि यंत्रों का विनिर्माण करने वाले उद्योगों की कमी होना है। उन्होंने कहा कि देश के पश्चिमी व दक्षिणी राज्यों जैसे गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु के कुछ क्षेत्र, आंध्र प्रदेश आदि में सिंचाई सुविधाओं की बढ़ोतरी और किसानों में जागरूकता आने से कृषि यंत्रीकरण बढ़ा है। (Bs Hindi)

एनएमसीई को छह माह का और समय

नई दिल्ली 01 09, 2012




जिंस बाजार नियामक वायदा बाजार आयोग (एफएमसी) ने नैशनल मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एनएमसीई) को न्यूनतम पूंजी संबंधी शर्तों को पूरा करने के लिए और छह माह का समय दिया है।

एक्सचेंज अपनी पूंजी संबंधी शर्तें 31 मार्च तक पूरा कर सकता है। एफएमसी के बयान में कहा गया है कि इक्विटी ढांचे के बारे में अनिवार्यता को पूरा करने के लिए एनएमसीई को 1 अक्टूबर, 2011 से 31 मार्च, 2012 तक छह माह का विस्तार दिया गया है। जुलाई, 2009 में एफएमसी ने पांच साल पुराने जिंस एक्सचेंजों के लिए न्यूनतम 100 करोड़ रुपये नेटवर्थ अनिवार्य किया था। इसमें शेयर पूंजी के 50 करोड़ रुपये होने का प्रावधान किया गया था।

पहले इस दिशानिर्देश को पूरा करने की समय सीमा सितंबर, 2011 थी। एनएमसीई ने पूंजी अनिवार्यता दिशानिर्देश को पूरा करने के लिए अक्टूबर, 2010 में 12.82 फीसदी हिस्सेदारी बजाज होल्डिंग्स ऐंड इंवेस्टमेंट लिमिटेड को 25 करोड़ रुपये में बेची थी। एनएमसीई के अन्य प्रमुख शेयरधारकों में नेपट्यून ओवरसीज लिमिटेड सार्वजनिक क्षेत्र की सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, बजाज होल्डिंग्स और रिलायंस मनी शामिल हैं। (BS Hindi)

05 जनवरी 2012

कसौटी पर हॉलमार्क

ममता सिंह नई दिल्ली
गोल्ड ज्वैलरी की हॉलमार्किंग अब जरूरी होगी। इसे कुछ स्टेज में

लागू किया जाएगा। कैबिनेट ने इसके लिए बुधवार को ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंर्डड्स बिल, 2011 में बदलाव को मंजूरी दे दी। ज्वैलरों का कहना है कि इससे उन पर कंज्यूमर का भरोसा बढ़ेगा। हालांकि, सरकार के हॉलमार्किंग को जरूरी बनाने के साथ कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। क्या हॉलमार्किंग के लिए देश भर में इंफ्रास्ट्रक्चर है? सरकार को यह भी बताना चाहिए कि हॉलमार्किंग के नाम पर ग्राहकों से ज्यादा पैसे लेकर उन्हें खराब क्वालिटी की ज्वैलरी बेचने पर कैसे रोक लगेगी?

लाजपत नगर, सेंट्रल मार्केट के रामाकृष्णा ज्वैलर्स के मालिक नीरज चौधरी ने बताया, 'कई ज्वैलर्स ऐसे हैं, जो ग्राहकों से हॉलमार्क ज्वैलरी की कीमत वसूलते हैं और खराब क्वालिटी की ज्वैलरी देते हैं।' कुछ ऐसा ही सवाल सरकारी बैंक में काम करने वाले एक बैंकर ने भी किया, जो पहले बुलियन ब्रांच से जुड़े थे। नाम नहीं छापने की शर्त पर उन्होंने बताया, 'इस कानून का कंज्यूमर को तभी फायदा होगा, जब ज्वैलर इस पर सख्ती से अमल करें।' उन्होंने यह भी कहा कि हॉलमार्क्ड ज्वैलरी बेचने वाले रीटेलर भी लेबर और मेकिंग कॉस्ट सहित 60-70 फीसदी मार्जिन लेते हैं। यह भी एक तरह से कंज्यूमर के साथ धोखा है।

सरकार के पास प्रस्तावित हॉलमार्किंग कानून को लागू करने के लिए पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर भी नहीं है। बीआईएस के पास अभी 160 हॉलमार्किंग सेंटर हैं, जिनसे देश के साढ़े तीन लाख ज्वैलरों को सेवा मिलती है। ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी फेडरेशन (जीजेएफ) के चेयरमैन बछराज बामलवा ने कहा, 'बीआईएस प्रस्तावित कानून को कैसे लागू करेगा? इसके लिए उसे छोटे शहरों, जिलों और ताल्लुका में हॉलमार्किंग सेंटर खोलने होंगे।' उनके मुताबिक, यह भी तय होना चाहिए कि एक हॉलमार्किंग सेंटर से दूसरे की दूरी कितनी होगी।

एक और ज्वैलर ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि हॉलमार्किंग से छूट की लिमिट भी तय होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया, 'नॉर्थ इंडिया में महिलाएं मंगलसूत्र और नोज पिन (कील या लौंग) पहनती हैं। इनमें बहुत कम सोना लगता है। इनकी हॉलमार्किंग कैसे होगी?' ज्वैलर्स का कहना है कि हॉलमार्किंग के अनिवार्य होने से उन्हें कंज्यूमर का भरोसा जीतने में मदद मिलेगी। चांदनी चौक के बीजी ज्वैलर्स के मालिक गणेश लाल सोनी ने बताया, 'इससे दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी फायदा होगा। हम पर ग्राहकों का भरोसा बढ़ेगा और उन्हें खरा सोना मिलेगा।'

वैसे हॉलमार्किंग तुरंत कानूनी तौर पर बाध्य नहीं होगा। इस बारे में कंज्यूमर अफेयर्स मिनिस्टर के वी थॉमस ने ईटी को बताया, 'बिल हॉलमार्किंग को कुछ स्टेज में अनिवार्य बनाने का प्रपोजल है...यह तुरंत कानूनी तौर पर बाध्य नहीं होगा।' उन्होंने कहा कि सरकार की निगरानी में सबसे पहले इसके लिए सेल्फ सर्टिफिकेशन को बढ़ावा दिया जाएगा। सेल्फ सर्टिफिकेशन में ज्वैलर अपनी ज्वैलरी की शुद्धता की जानकारी देता है। सरकार समय-समय पर ज्वैलर्स से सैंपल इकट्ठा करके उसकी जांच करती है।

भारत हर साल औसतन 800 टन गोल्ड इंपोर्ट करता है। इसमें से 203 टन गोल्ड की खपत डोमेस्टिक मार्केट में होती है। इसमें से 60 फीसदी का इस्तेमाल ज्वैलरी के लिए होता है। मेट्रो और बड़े शहरों में तनिष्क, गीतांजलि और जॉय अलुकास हॉलमार्किंग वाली ज्वैलरी बेचते हैं। हालांकि, छोटे शहरों और दूरदराज इलाकों में बीआईएस हॉलमार्किंग सेंटर नहीं होने से कंज्यूमर को इसकी सुविधा नहीं मिल पाती। अक्सर इन जगहों पर कंज्यूमर को 18 कैरेट (75 फीसदी शुद्धता) गोल्ड को 22 कैरेट (91.6 फीसदी) वाला बताकर बेचा जाता है।(ET Hindi)

क्लाइंट कोड मोडिफिकेशन पर न्यूनतम जुर्माना घटा

वायदा बाजार आयोग ने क्लाइंट कोड मोडिफिकेशन में देरी पर वसूला जाने वाला न्यूनतम जुर्माना 25,000 रुपये से घटाकर 5,000 रुपये कर दिया है। वहीं दूसरी ओर नए दिशानिर्देश के चलते पिछले दो महीने के दौरान जिंस एक्सचेंजों में क्लाइंट कोड मोडिफिकेशन के मामलों में 100 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है।
इस प्रगति से जुड़े सूत्र ने कहा कि जिंस बाजार के प्रतिभागियों द्वारा पेश की गई दलील के बाद एफएमसी ने जुर्माने में कमी का फैसला किया। बाजार के प्रतिभागियों के मुताबिक, 2000-3000 रुपये के अनुबंध पर क्लाइंट कोड मोडिफिकेशन में देरी पर सदस्य कम से कम 25,000 रुपये का जुर्माना चुकाते थे। ऐसे में संशोधित दिशानिर्देश में जुर्माने की रकम 5,000 रुपये या कारोबार का एक या दो फीसदी या फिर 25,000 रुपये रखी गई है।
इससे पहले कारोबार के आकार पर ध्यान न देते हुए सदस्यों को कम से कम 25,000 रुपये या फिर संशोधित कारोबार की कीमत का 1 फीसदी या 2 फीसदी न्यूनतम जुर्माना देना होता था, अगर किसी खास दिन ब्रोकर के कुल कारोबार की कीमत के 5 फीसदी से ज्यादा पर इस तरह का काम होता था।
सूत्रों ने हालांकि कहा कि दिशानिर्देश जारी किए के बाद सदस्यों की तरफ से क्लाइंट कोड मोडिफिकेशन के मामले विभिन्न एक्सचेंजों में काफी हद तक कम हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मामले सही हो सकते हैं, लेकिन ऐसे मामले जुर्माना लगाए जाने के बाद कम हुए हैं। उन्होंने बताया कि सितंबर में क्लाइंट कोड मोडिफिकेशन के जरिए 1307 करोड़ रुपये के कारोबार हुए थे। हालांकि आगामी महीनों में इसमें 100 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है।
बाजार के सूत्रों ने कहा कि इसका दुरुपयोग ज्यादातर कर के मकसद से होता था, जैसे जिंस कारोबार में सटोरिया नुकसान एक क्लाइंट से दूसरे में हस्तांतरित करना, जिसकी भरपाई सटोरिया लाभ से की जा सके और इस लाभ पर कर बचाया जा सके। (BS Hindi)