कुल पेज दृश्य

24 अक्टूबर 2026

चीनी और एथेनॉल पर केंद्र सरकार के संतुलित फैसले का इस्मा ने किया स्वागत

नई दिल्ली। भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (इस्मा) ने एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 (पेराई सीजन 2026-27) के लिए घरेलू चीनी की उपलब्धता और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के राष्ट्रीय लक्ष्य के बीच संतुलन बनाए रखने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है।


हालांकि संगठन ने चेतावनी दी है कि समर्पित एथेनॉल प्लांट्स (डीईपीएस) को दी जा रही प्राथमिकता भविष्य के वर्षों में जारी नहीं रहनी चाहिए।

इस्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार घरेलू खपत के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस वर्ष अल नीनो के कारण प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में मौसम की अनिश्चितता के कारण फसल की पैदावार और चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। संगठन का कहना है कि इथेनॉल उत्पादन को वास्तविक फसल उपलब्धता और चीनी के मौजूदा संतुलन के अनुरूप रखना जरूरी है। इससे घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ राष्ट्रीय इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को भी समर्थन मिलेगा।

एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 की खरीद निविदा में गन्ने के रस, चीनी के सिरप और बी-हैवी शीरे से उत्पादित एथेनॉल को शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, सी-हैवी शीरे से बनने वाले एथेनॉल को खरीद के लिए पात्र रखा गया है। इस्मा के अनुसार आगामी फसल को लेकर अनिश्चितता के बीच चीनी को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने पर रोक लगाना घरेलू चीनी उपलब्धता की सुरक्षा के लिहाज से उचित है। सी-हैवी शीरे से एथेनॉल उत्पादन जारी रखकर चीनी मिलें अपनी इथेनॉल उत्पादन में भागीदारी बनाए रख सकती हैं, जबकि इससे वसूली योग्य चीनी की मात्रा को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती।

इस्मा ने मौजूदा निविदा में दीर्घकालिक खरीद समझौते (एलटीओए) वाले समर्पित एथेनॉल प्लांट्स (डीईपीएस) को प्राथमिकता दिए जाने पर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि यह व्यवस्था चालू आपूर्ति वर्ष के लिए लागू हो चुकी है, लेकिन यदि इसे आने वाले वर्षों में भी जारी रखा गया तो चीनी उद्योग को गंभीर नुकसान हो सकता है। गन्ना एक मौसमी और चक्रीय फसल है। इसके उत्पादन और उपलब्धता में हर वर्ष बदलाव होता है, जिसके कारण चीनी उत्पादन कभी कम तो कभी अधिक रहता है। जब चीनी का उत्पादन मांग से अधिक होता है, तब अतिरिक्त चीनी को इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल करना जरूरी हो जाता है। इससे घरेलू बाजार में चीनी की अधिकता और कीमतों में गिरावट के जोखिम को कम किया जा सकता है।

इस्मा के मुताबिक यदि ऐसे समय में समर्पित एथेनॉल प्लांट्स को प्राथमिकता देने से चीनी मिलों को इथेनॉल खरीद व्यवस्था में पर्याप्त अवसर नहीं मिलता, तो मिलों को आय के एक महत्वपूर्ण स्रोत से वंचित होना पड़ सकता है। इससे उनकी आर्थिक कठिनाइयां बढ़ सकती हैं और गन्ना किसानों को उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) का भुगतान समय पर करना भी मुश्किल हो सकता है। इसलिए संगठन ने सरकार से आगामी एथेनॉल आपूर्ति वर्षों के लिए प्राथमिकता आवंटन व्यवस्था की दोबारा समीक्षा करने की मांग की है, ताकि चीनी मिलों के हित प्रभावित न हों।

इस्मा ने सी-हैवी शीरे से उत्पादित एथेनॉल की मौजूदा खरीद कीमतों पर भी चिंता जताई है। इसकी कीमत 57.97 रुपये प्रति लीटर है, जो कि पिछले वर्ष के समान स्तर पर ही बनी हुई है। इस बीच गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) के साथ रसायनों, श्रम, ईंधन और नियामकीय अनुपालन की लागत में वृद्धि हुई है। संगठन का कहना है कि लागत बढ़ने के बावजूद एथेनॉल की खरीद कीमत स्थिर रहने से उत्पादकों का लाभांश प्रभावित हो रहा है और आपूर्ति करने का प्रोत्साहन कमजोर पड़ रहा है।

इस्मा लंबे समय से ऐसी पारदर्शी मूल्य निर्धारण व्यवस्था की मांग कर रहा है, जिससे एथेनॉल की खरीद कीमत को गन्ने के एफआरपी से जोड़ा जाए। इससे गन्ने की कीमत में होने वाली वृद्धि के अनुरूप एथेनॉल की कीमत में भी स्वतः संशोधन हो सकेगा। संगठन के अनुसार, ऐसी व्यवस्था से हर साल कीमतों को लेकर बनी रहने वाली अनिश्चितता कम होगी, चीनी मिलों और ऋणदाताओं का भरोसा बढ़ेगा तथा उत्पादन एवं आपूर्ति की मध्यम अवधि की योजना बनाना आसान होगा।

इस्मा ने सरकार से सी-हैवी शीरे से बनने वाले इथेनॉल की खरीद कीमत बढ़ाकर 62.23 रुपये प्रति लीटर करने की मांग की है। संगठन के अनुसार, यह कीमत मौजूदा शीरे की कीमतों और इथेनॉल उत्पादन की रूपांतरण लागत को ध्यान में रखकर तय की जानी चाहिए। इसके साथ ही इस्मा ने चीनी उद्योग की ओर से प्रस्तावित सी-हैवी एथेनॉल की पूरी मात्रा यानी 100 फीसदी खरीद आवंटित करने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि उचित कीमत और सुनिश्चित खरीद मिलने से चीनी मिलें अपनी मौजूदा डिस्टिलरी क्षमता का बेहतर उपयोग कर सकेंगी। इससे उपलब्ध शीरे का उत्पादक इस्तेमाल होगा और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी। इस्मा ने चेताया है कि यदि एथेनॉल का लाभकारी मूल्य और उसकी खरीद की पर्याप्त गारंटी नहीं मिलती, तो डिस्टलरी की बड़ी क्षमता निष्क्रिय रह सकती है या उसका पूरा उपयोग नहीं हो पाएगा।

इस्मा के अनुसार देश के इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को टिकाऊ और संतुलित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार तथा सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। संगठन के अनुसार समय पर नीतिगत समर्थन, लाभकारी कीमत और पात्र चीनी-आधारित एथेनॉल की सुनिश्चित खरीद मिलने से उद्योग अपनी मौजूदा उत्पादन क्षमता का अधिक प्रभावी उपयोग कर सकेगा। इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने, गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और चीनी क्षेत्र से जुड़े लाखों किसानों की आजीविका को समर्थन देने में मदद मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: