नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों पंजाब एवं हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई धान उत्पादक क्षेत्रों में हुई बारिश से फसल की कटाई प्रभावित होने से इसकी आवकों में कमी आने की आशंका है। अत: हाजिर बाजार में इसके भाव में सोमवार को 200 से 250 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई।
पंजाब एवं हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई क्षेत्रों में पिछले 12 घंटों के दौरान बारिश हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में धान की फसल खेतों में गिर गई है। इससे फसल की कटाई में देरी होने के साथ ही मंडियों में धान की आवकों में कमी आयेगी।
आल इंडिया राइस एक्सपोर्ट एसोसिएशन ने 25 सितंबर 2026 को देशभर की चावल मिलों को पत्र लिखकर धान की पैनिक खरीद नहीं करने की सलाह दी थी। एसोसिएशन के अनुसार चालू खरीफ सीजन में उत्पादन अनुमान अच्छा है अत: चावल मिलें जरुरत के हिसाब से धान की खरीद करें।
दिल्ली की नजफगढ़ मंडी में पूसा 1,509 किस्म के कंबाइन के धान के भाव 200 रुपये तेज होकर 4,000 से 4,200 रुपये और हाथ की कटाई के दाम 100 रुपये बढ़कर 4,300 से 4,376 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। मंडी में धान की आवक घटकर 4,000 बोरी की रह गई।
पंजाब की मानसा मंडी में पूसा 1,509 किस्म के धान की आवक घटकर सोमवार को केवल 1,000 बोरी की हुई तथा कंबाइन के धान के भाव 250 रुपये तेज होकर 3,900 से 4,305 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। हरियाणा की जींद मंडी में कंबाइन के धान के दाम तेज होकर 4,000 से 4,226 रुपये और हाथ की कटाई के धान की कीमत तेज होकर 4,371 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
राजस्थान की कोटा मंडी में धान की आवक घटकर 450 बोरी की हुई तथा इसके भाव तेज होकर 3,900 से 4,231 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। बूंदी मंडी में धान की आवक 10 हजार बोरी की हुई तथा इसके भाव 250 रुपये तेज होकर 4,000 से 4,500 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
पंजाब एवं हरियाणा लाइन से पूसा 1,509 किस्म के स्टीम चावल के भाव 8,500 से 8,600 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, जबकि इसके गोल्डन सेला चावल के दाम 8,400 से 8,500 रुपये क्विंटल तथा क्रीमी सेला चावल के दाम 8,100 से 8,150 रुपये बोले गए।
व्यापारियों के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में पूसा 1,509 किस्म के धान की आवक ज्यादा हो रही है, जबकि परमल, शरबती एवं एचआर 10 किस्म की अगेती फसल की छिटपुट आवक शुरू हो गई है। अक्टूबर में पंजाब एवं हरियाणा की मंडियों में परमल धान की आवक बढ़ेगी, तथा इन राज्यों में परमल धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर खरीद पहली अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
पहली अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए कॉमन किस्म के धान का एमएसपी 2,441 प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान का एमएसपी 2,461 प्रति क्विंटल तय किया हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें