नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2026 के दूसरे पखवाड़े के लिए घरेलू बाजार में बिक्री के लिए 16 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया है। सरकार ने अक्टूबर के पहले पखवाड़े के लिए 14 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया था।
केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने 12 अक्टूबर को अक्टूबर 2026 के दूसरे पखवाड़े के लिए घरेलू बाजार में बिक्री के लिए 16 लाख टन चीनी का कोट जारी किया है। इसमें चीनी मिलों के लिए 14 लाख टन घरेलू और एडवांस ऑथराइजेशन योजना के तहत 2 लाख टन आयातित चीनी का कोटा शामिल है। मौजूदा मासिक कोटा प्रणाली से पखवाड़े के आधार पर कोटा आवंटित करने का निर्णय लेने के बाद सरकार की ओर से घोषित यह चौथा कोटा है।
केंद्र सरकार के अनुसार यह कोटा 13 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगा। अक्टूबर के पहले पखवाड़े के लिए सरकार ने चीनी मिलों को 14 लाख टन चीनी बेचने का कोटा दिया था। इससे पहले सितंबर में सरकार ने घरेलू बाजार के लिए कुल 26.50 लाख टन चीनी का मासिक कोटा निर्धारित किया था। इसमें पहले पखवाड़े के लिए 13 लाख टन और दूसरे पखवाड़े के लिए 13.50 लाख टन चीनी आवंटित की गई थी। वहीं, अक्टूबर 2025 में घरेलू बाजार में बिक्री के लिए कुल 24 लाख टन चीनी का मासिक कोटा निर्धारित किया गया था।
जानकारों के अनुसार हाल ही में घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी आई है। हालांकि केंद्र सरकार घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता को नियंत्रित रखने के लिए महीने में दो बार बिक्री के लिए कोटा जारी कर रही है। पखवाड़े के आधार पर कोटा आवंटित करने का उद्देश्य बाजार में पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराना और कीमतों में अचानक होने वाले उतार-चढ़ाव को रोकना है।
चालू महीने में चीनी का नया पेराई सीजन 2026-27 शुरू होने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें